नारायणपुर। नारायणपुर जिले के अबूझमाड़ क्षेत्र में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने विकराल रूप धारण कर लिया। बालेबेड़ा और सितराम स्थित बीएसएफ कैंपों में अचानक बाढ़ का पानी घुसने से पूरा कैंप जलमग्न हो गया। पानी इतनी तेजी से बढ़ा कि, कई जवानों को कैंप से बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला।
जान बचाने के लिए छतों और पेड़ों पर चढ़े जवान
जान बचाने के लिए जवानों को बैरकों की छतों और आसपास के पेड़ों पर चढ़कर घंटों इंतजार करना पड़ा। इस दौरान कैंप के भीतर से जवानों द्वारा बनाया गया एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक जवान कहता सुनाई दे रहा है कि, हम चिड़िया की तरह छत पर बैठे हुए हैं। पानी इतनी तेजी से पोस्ट में आया कि, बाहर निकलने का मौका ही नहीं मिला। जान बचाने के लिए छत और पेड़ों का सहारा लेना पड़ा।
बारिश थमने के बाद अब हालात सामान्य होने लगे
सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव के प्रयास शुरू किए गए और सभी जवानों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस घटना में किसी जवान के हताहत होने की सूचना नहीं है। लगातार बारिश के कारण अबूझमाड़ के कई इलाके जलमग्न हो गए और आवागमन भी प्रभावित हुआ। हालांकि बारिश की रफ्तार कम होने के बाद अब हालात धीरे-धीरे सामान्य होने लगे हैं। प्रशासन और सुरक्षा बल पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं तथा संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्कता बरती जा रही है।