सक्ती/रायपुर – जम्मू-कश्मीर के दक्षिण कश्मीर स्थित कुलगाम में हुए आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के दो प्रवासी श्रमिकों की मौत के बाद राज्य सरकार ने शोकाकुल परिवारों को हरसंभव सहायता देने का भरोसा दिलाया है। सक्ती जिले के प्रभारी मंत्री एवं कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार इस दुख की घड़ी में पीड़ित परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता और मजबूती से खड़ी है।
आतंकी हमले में सक्ती जिले के मालखरौदा विकासखंड अंतर्गत ग्राम बुंदेली निवासी दीपक रात्रे (21 वर्ष) तथा सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के भूपेंद्र भैना की मौत हो गई। इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने इसे कायराना और अमानवीय हमला बताते हुए कड़ी निंदा की।
दोनों परिवारों को 20-20 लाख रुपये की सहायता
मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कुलगाम आतंकी हमले में जान गंवाने वाले दीपक रात्रे और भूपेंद्र भैना के परिजनों को 20-20 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि यह सहायता राशि परिवारों को इस कठिन समय में आर्थिक संबल प्रदान करेगी।
जम्मू-कश्मीर प्रशासन से लगातार समन्वय
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर छत्तीसगढ़ सरकार जम्मू-कश्मीर प्रशासन के साथ लगातार समन्वय बनाए हुए है, ताकि पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा सके। सुरक्षा और स्थानीय परिस्थितियों को देखते हुए दोनों दिवंगत श्रमिकों का अंतिम संस्कार जम्मू-कश्मीर में ही उनके परिजनों की उपस्थिति में कराया गया।
एक साल पहले मजदूरी करने गया था दीपक
जानकारी के अनुसार, ग्राम बुंदेली निवासी दीपक रात्रे करीब एक वर्ष पहले अपने परिवार के साथ जम्मू-कश्मीर के एक ईंट-भट्ठे में मजदूरी करने गए थे। उनके साथ उनकी पत्नी और भाई भी वहीं कार्यरत थे। दीपक अपने पीछे पत्नी, एक मासूम बच्चे और परिजनों को छोड़ गए हैं। इस दुखद घटना से पूरे प्रदेश में शोक का माहौल है।
परिजनों को दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना
मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने परम पूज्य गुरु घासीदास बाबा से दिवंगत दीपक रात्रे और भूपेंद्र भैना की आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिवारों को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हर स्तर पर पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी रहेगी।