राजधानी रायपुर में ट्रैफिक जाम से राहत दिलाने के लिए पुलिस की क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) तेजी से काम कर रही है। दक्ष (ITMS) कंट्रोल रूम की हेल्पलाइन पर जैसे ही ट्रैफिक जाम की सूचना पहुंचती है, संबंधित QRT टीम को तुरंत मौके पर रवाना कर दिया जाता है।
पुलिस का दावा है कि टीम औसतन 5 से 8 मिनट के भीतर घटनास्थल पर पहुंचकर यातायात सामान्य कर रही है। अब तक हेल्पलाइन पर मिली 88 शिकायतों का सफलतापूर्वक निराकरण किया जा चुका है।
कमिश्नर के निर्देश पर बनी है 10 टीम
पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देशन में शहर में 10 क्विक रिस्पॉन्स टीमों का गठन किया गया है। इन टीमों का उद्देश्य अचानक लगने वाले ट्रैफिक जाम को कम समय में हटाकर लोगों को राहत पहुंचाना है। यातायात पुलिस की ओर से जारी हेल्पलाइन 94792-10632 पर नागरिक सीधे जाम की सूचना दे सकते हैं।
कैमरों के जरिए ट्रैफिक की लगातार निगरानी
पूरी व्यवस्था का संचालन आईटीएमएस (इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम) कंट्रोल रूम से किया जा रहा है। यहां गूगल मैप और शहरभर में लगे सीसीटीवी कैमरों के जरिए ट्रैफिक की लगातार निगरानी होती है।
कंट्रोल रूम में जैसे ही किसी स्थान पर जाम की स्थिति दिखाई देती है या हेल्पलाइन पर कॉल आती है, संबंधित QRT को लोकेशन भेज दी जाती है। इससे पुलिसकर्मी कम समय में मौके पर पहुंचकर यातायात को सुचारु कर देते हैं।
ट्रैफिक जाम दिखने पर 94792-10632 पर करें कॉल
पुलिस उपायुक्त (यातायात एवं प्रोटोकॉल) डॉ. अर्चना झा ने नागरिकों से अपील की है कि शहर में कहीं भी ट्रैफिक जाम दिखाई दे तो तत्काल हेल्पलाइन 94792-10632 पर सूचना दें।
इसके लिए प्रमुख चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर हेल्पलाइन संबंधी सूचना बोर्ड भी लगाए गए हैं, ताकि आमजन आसानी से सूचना देकर त्वरित राहत प्राप्त कर सकें।