छत्तीसगढ़ के भिलाई में पढ़ाई कर रही छात्रा के साथ छेड़छाड़ की गई है। चाय की टपरी पर दोस्तों के साथ बैठी छात्रा के पास पहुंचे युवक ने अचानक गला पकड़ा और जबरन गाल पर किस कर दिया। विरोध करने पर वह कुर्सी से नीचे गिर गई। शोर सुनकर दोस्त और सहेली बीच-बचाव करने पहुंचे तो आरोपी ने सहेली से भी मारपीट कर दी। पूरी घटना पास लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। शनिवार को पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे हिरासत में लिया गया है। मामला सुपेला थाना क्षेत्र का है।
चाय की टपरी पर हुई वारदात
पीड़िता मूल रूप से बालोद के डौंडी की रहने वाली है और स्मृति नगर में रहकर पढ़ाई कर रही हैं। उसने पुलिस को बताया कि 31 जुलाई की रात करीब 10:30 बजे वह अपनी सहेली और दोस्तों के साथ मॉडल टाउन स्थित शनि मंदिर के पास चाय की टपरी पर बैठी थी।
इसी दौरान हेमंत छत्री नाम का युवक वहां पहुंचा और अचानक दोनों हाथों से उनका गला पकड़ लिया। इसके बाद उसने जबरदस्ती उनके बाएं गाल पर किस कर दिया। पीड़िता ने खुद को छुड़ाने की कोशिश की, लेकिन इस दौरान वह कुर्सी से नीचे गिर गई।
सहेली से भी की मारपीट
छात्रा के दोस्तों ने आरोपी को रोकने का प्रयास किया तो उसने छात्रा की सहेली के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट कर दी। इस हमले में सहेली के सिर और नाक पर चोट आई। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
शोर मचाने पर पास बैठे बाकी लोग मौके पर पहुंचे। इस दौरान आरोपी भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन लोगों ने उसे पकड़ लिया। घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें आरोपी छात्रा के साथ छेड़छाड़ करता और हंगामा होता दिखाई दे रहा है।
शिकायत के बाद आरोपी हिरासत में
पीड़िता ने स्मृति नगर चौकी पहुंचकर आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने हेमंत छत्री के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे हिरासत में लिया। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ में जुड़ी हुई है।
मामले में पुलिस के कहना है कि पीड़ित छात्रा की शिकायत पर हेमंत छत्री के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया। मामले की जांच की जा रही है, जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।