रायगढ़ – रायगढ़ जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। बारभौना क्षेत्र में लंबे समय से चल रही अवैध गतिविधियों की शिकायतों के बाद खनिज और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर बड़ी कार्रवाई की। टीम की छापेमारी से अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया।
छापेमारी में 10 ट्रैक्टर जब्त, चालक मौके से फरार
संयुक्त टीम ने कार्रवाई के दौरान रेत के अवैध उत्खनन और परिवहन में लगे 10 ट्रैक्टरों को जब्त किया है। कार्रवाई की भनक लगते ही वाहन चालक मौके से फरार हो गए। इसके बाद सभी जब्त वाहनों को सुरक्षा के लिए थाना छाल की सुपुर्दगी में रखा गया है।
जांच के बाद होगी सख्त कार्रवाई
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, जब्त वाहनों के मालिकों और अवैध रेत उत्खनन में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। जांच के बाद संबंधितों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
अवैध रेत कारोबारियों में मचा हड़कंप
खनिज और राजस्व विभाग की इस कार्रवाई से अवैध रेत कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। प्रशासन ने साफ संकेत दिए हैं कि, जिले में अवैध उत्खनन और परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।