दुर्ग – छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के कुम्हारी थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। पत्नी के चरित्र पर शक करने वाले पति ने गुस्से में आकर उस पर हंसिया से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त हंसिया जब्त कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, वार्ड-4 महामायापारा निवासी दुर्गा यादव (22) और घनश्याम यादव (25) की शादी करीब चार वर्ष पहले हुई थी। दोनों का छह महीने का एक बेटा है। परिजनों का कहना है कि घनश्याम शराब पीने का आदी था और अक्सर पत्नी के चरित्र पर संदेह करता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच आए दिन विवाद और मारपीट होती रहती थी।
रविवार सुबह करीब 9:30 बजे दोनों के बीच फिर कहासुनी शुरू हुई। विवाद बढ़ने पर घनश्याम ने घर में रखे सब्जी काटने वाले हंसिया से पत्नी पर कई वार कर दिए। हमले में महिला के माथे, गले और पीठ पर गंभीर चोटें आईं, जिससे वह लहूलुहान होकर घर में ही गिर पड़ी।
घटना की सूचना मिलते ही कुम्हारी पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। हालांकि अत्यधिक रक्तस्राव और गंभीर चोटों के कारण इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
वारदात के बाद पुलिस ने आरोपी घनश्याम यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की और बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया। हत्या में इस्तेमाल किया गया हंसिया भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
एएसपी ग्रामीण मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करता था। इसी वजह से दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। रविवार सुबह हुआ झगड़ा हिंसक हो गया और आरोपी ने पत्नी की हत्या कर दी। मामले की विस्तृत जांच जारी है तथा आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।