Meta Pixel

उत्साह एवं उल्लास के साथ मनाया गया भिलाई महिला समाज का 69वाँ स्थापना दिवस

Spread the love

भिलाई की अग्रणी महिला सामाजिक संस्था भिलाई महिला समाज (बीएमएस) ने 04 अगस्त 2026 को महात्मा गांधी कला मंदिर, सिविक सेंटर में उत्साह एवं गरिमापूर्ण वातावरण में अपना 69वाँ स्थापना दिवस मनाया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, संगठन की गौरवशाली यात्रा के स्मरण तथा सामाजिक सरोकारों से ओत-प्रोत इस समारोह में भिलाई महिला समाज द्वारा वर्ष 1957 से महिलाओं के सशक्तिकरण एवं समाज सेवा के क्षेत्र में किए जा रहे उल्लेखनीय योगदान को रेखांकित किया गया।      

समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में भिलाई महिला महाविद्यालय की पूर्व प्राचार्य एवं प्रख्यात शिक्षाविद् डॉ. संध्या मदन मोहन उपस्थित थीं। भिलाई महिला समाज की कार्यकारी अध्यक्ष श्रीमती छवि निगम ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। इस अवसर पर विशेष अतिथियों में भिलाई महिला समाज की उपाध्यक्ष श्रीमती मोली चक्रवर्ती, श्रीमती केका सरकार, श्रीमती पूनम कुमार, श्रीमती स्मिता भास्कर, श्रीमती आभा सिंह, महासचिव श्रीमती सोनाली रथ, सहसचिव श्रीमती दीपान्विता पॉल, कोषाध्यक्ष श्रीमती शिखा जैन, सहकोषाध्यक्ष श्रीमती रीता तिवारी उपस्थित रहीं। इसके अतिरिक्त भिलाई टाउनशिप एवं खदान क्षेत्रों की विभिन्न बीएमएस इकाइयों एवं क्लबों की सदस्याएँ बड़ी संख्या में उपस्थित थीं।    

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात विशिष्ट अतिथि एवं अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा स्मारिका का लोकार्पण किया गया। डॉ. संध्या मदन मोहन ने अपने संबोधन में भिलाई महिला समाज परिवार को स्थापना दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि परिवार समाज की सबसे सशक्त इकाई है और महिला उसकी आधारशिला है। उन्होंने कहा कि जब महिलाएँ एकजुट होकर समाजहित में कार्य करती हैं, तब वे केवल सशक्त परिवारों का ही नहीं, बल्कि एक सुदृढ़ समाज और समर्थ राष्ट्र का भी निर्माण करती हैं। उन्होंने भिलाई महिला समाज की सराहना करते हुए कहा कि संस्था ने वर्षों से महिलाओं को प्रोत्साहन, अवसर एवं सशक्त मंच उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर एवं आत्मविश्वासी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने स्थापना दिवस समारोह को विभिन्न इकाइयों की सदस्याओं के बीच आपसी समन्वय, एकता एवं सेवा-भाव को सुदृढ़ करने वाला सशक्त मंच बताते हुए संस्था के साथ अपने दीर्घ एवं आत्मीय जुड़ाव को भी साझा किया। 

कार्यकारी अध्यक्ष श्रीमती छवि निगम ने अपने उद्बोधन में कहा कि भिलाई महिला समाज का 69वाँ स्थापना दिवस लगभग सात दशकों की सेवा, सहयोग एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की गौरवशाली यात्रा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि महिलाएँ सृजन, संस्कार एवं सामाजिक परिवर्तन की आधारशिला हैं तथा वास्तविक सशक्तिकरण आत्मविश्वास, आत्मनिर्भरता, नेतृत्व क्षमता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना के विकास से ही संभव है। उन्होंने संस्था की सभी सदस्याओं, पदाधिकारियों, भिलाई इस्पात संयंत्र तथा सहयोगी संस्थाओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए समाज सेवा एवं महिला सशक्तिकरण की इस गौरवशाली परंपरा को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए सामूहिक सहभागिता एवं निरंतर सहयोग का आह्वान किया। 

समारोह का एक प्रमुख आकर्षण भिलाई महिला समाज की संस्थापक अध्यक्ष स्वर्गीय श्रीमती नलिनी श्रीवास्तव की स्मृति में प्रतिवर्ष प्रदान की जाने वाली प्रतिष्ठित ‘श्रीमती नलिनी श्रीवास्तव ट्रॉफी’ की घोषणा रही। उल्लेखनीय है कि स्वर्गीय श्रीमती नलिनी श्रीवास्तव ने 04 अगस्त 1957 को 50 समर्पित सदस्याओं के साथ भिलाई महिला समाज की स्थापना कर संस्था की गौरवशाली यात्रा का शुभारंभ किया था। इस वर्ष उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सेक्टर-2 क्लब को यह प्रतिष्ठित ट्रॉफी प्रदान की गई, जबकि उल्लेखनीय कार्य एवं सराहनीय प्रदर्शन के लिए सेक्टर-4 क्लब को सम्मानित किया गया।  

सांस्कृतिक कार्यक्रम में भिलाई महिला समाज की विभिन्न इकाइयों एवं क्लबों द्वारा शास्त्रीय एवं लोकनृत्य, समूहगान तथा नृत्य-नाटिका की मनोहारी प्रस्तुतियाँ दी गईं, जिन्होंने संस्था की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत एवं सृजनात्मक प्रतिभा की सुंदर झलक प्रस्तुत की।

कार्यक्रम के प्रारंभ में महासचिव श्रीमती सोनाली रथ ने संस्था का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए गत वर्ष की प्रमुख गतिविधियों एवं उपलब्धियों की विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती आशा वरवाडे, श्रीमती रेशु जैन एवं श्रीमती रेनू जैन ने किया, जबकि अंत में कोषाध्यक्ष श्रीमती शिखा जैन ने सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *