Meta Pixel

महाभारत के ‘अश्वत्थामा’ प्रदीप रावत पंचतत्व में विलीन, आमिर खान और रजा मुराद ने दी अंतिम विदाई

Spread the love

मुंबई। दिग्गज अभिनेता प्रदीप रावत का बुधवार को मुंबई के गोरेगांव (पश्चिम) स्थित श्मशान घाट में अंतिम संस्कार किया गया। 74 वर्षीय अभिनेता का मंगलवार शाम निधन हो गया था। अंतिम विदाई के दौरान फिल्म जगत से जुड़े कई कलाकार उन्हें श्रद्धांजलि देने पहुंचे।

अंतिम संस्कार में आमिर खान, रजा मुराद सहित कई फिल्मी हस्तियां मौजूद रहीं। इस दौरान अभिनेता के बेटे विक्रमादित्य रावत भावुक नजर आए।

कैंसर से जूझ रहे थे प्रदीप रावत

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, प्रदीप रावत पिछले कुछ समय से कैंसर से पीड़ित थे। बीमारी दोबारा लौट आने के बाद उनका पिछले करीब एक महीने से अस्पताल में इलाज चल रहा था।

उनकी आखिरी हिंदी फिल्म ‘छावा’ थी, जो 14 फरवरी 2025 को रिलीज हुई थी।

महाभारत में निभाया था अश्वत्थामा का किरदार

प्रदीप रावत ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत बी.आर. चोपड़ा के चर्चित टीवी धारावाहिक महाभारत से की थी, जिसमें उन्होंने अश्वत्थामा की भूमिका निभाई थी।

इसके बाद उन्होंने हिंदी के अलावा तमिल, तेलुगु, कन्नड़, मलयालम, बंगाली और भोजपुरी फिल्मों में भी अपनी दमदार अभिनय से अलग पहचान बनाई।

हिंदी फिल्मों में वे लगान, सरफरोश, गजनी, ग्रैंड मस्ती जैसी फिल्मों के लिए याद किए जाते हैं। वहीं दक्षिण भारतीय सिनेमा में भी उन्होंने कई प्रभावशाली खलनायक की भूमिकाएं निभाईं।

‘गजनी’ और ‘लगान’ से मिली खास पहचान

फिल्म गजनी में प्रदीप रावत ने यादगार विलेन का किरदार निभाया था। उन्होंने पहले तमिल संस्करण और बाद में हिंदी रीमेक में भी यही भूमिका निभाई।

वहीं लगान में उन्होंने देवा सिंह सोढ़ी का किरदार निभाया, जो आमिर खान की क्रिकेट टीम का अहम सदस्य था।

आधी रात आमिर खान का आया था फोन

एक दिलचस्प किस्से का जिक्र करते हुए प्रदीप रावत ने बताया था कि सरफरोश में उनके अभिनय से प्रभावित होकर आमिर खान ने उन्हें लगान के लिए आधी रात फोन किया था।

उस समय प्रदीप घर पर नहीं थे। उनकी बहन ने फोन उठाया और जब सामने वाले ने खुद को आमिर खान बताया तो उन्होंने इसे मजाक समझकर डांट दिया। बाद में लेखक उमाशंकर पाठक से बात होने के बाद परिवार को विश्वास हुआ कि फोन वास्तव में आमिर खान का ही था।

अगले दिन आमिर ने प्रदीप रावत को अपने कार्यालय बुलाकर फिल्म का कॉन्ट्रैक्ट साइन कराया।

सलमान खान ने भी किया था दिलचस्प खुलासा

मार्च 2025 में फिल्म सिकंदर के प्रमोशन के दौरान सलमान खान ने बताया था कि निर्देशक ए.आर. मुरुगदास ने कथित तौर पर उन्हें गजनी में लेने का विचार इसलिए छोड़ दिया क्योंकि प्रदीप रावत ने उन्हें बताया था कि सलमान और मुरुगदास की कार्यशैली अलग है।

सलमान ने मजाकिया अंदाज में कहा था कि इस बात को लेकर वह आज भी प्रदीप रावत से जवाब पूछना चाहते हैं।

दोनों कलाकारों ने बागी, पत्थर के फूल और संगदिल सनम जैसी कई फिल्मों में साथ काम किया था।

फिल्मी जगत ने दी श्रद्धांजलि

अभिनेता सोनू सूद ने सोशल मीडिया पर प्रदीप रावत को श्रद्धांजलि देते हुए लिखा कि उनकी कमी हमेशा महसूस होगी। अभिनेता यशपाल शर्मा समेत कई कलाकारों ने भी उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

निजी जीवन

प्रदीप रावत ने अपने जीवन में दो शादियां की थीं। पहली शादी कुछ महीनों में ही समाप्त हो गई थी।

इसके बाद उन्होंने दक्षिण भारतीय फिल्म इंडस्ट्री से जुड़ी कल्याणी रावत से विवाह किया। इस शादी से उनका एक बेटा विक्रमादित्य रावत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *