भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य चयनकर्ता अजित अगरकर का कार्यकाल अगले महीने समाप्त होने जा रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, BCCI इस बार उनके कार्यकाल को आगे बढ़ाने के पक्ष में नहीं दिख रहा है। ऐसे में भारतीय टीम के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज वीवीएस लक्ष्मण का नाम नए मुख्य चयनकर्ता के रूप में तेजी से चर्चा में है।
अगरकर का पहला कार्यकाल पहले ही पूरा हो चुका था, जिसके बाद उन्हें कुछ समय का विस्तार दिया गया था। माना जा रहा था कि मुख्य कोच गौतम गंभीर के साथ उनकी बेहतर तालमेल को देखते हुए वे 2027 वनडे विश्व कप तक इस जिम्मेदारी में बने रह सकते हैं, लेकिन अब हालात बदलते नजर आ रहे हैं।
रोहित शर्मा विवाद के बाद बदला माहौल
रिपोर्ट्स के मुताबिक, इंग्लैंड दौरे के दौरान रोहित शर्मा के भविष्य को लेकर उठी चर्चाओं ने चयन समिति को भी सुर्खियों में ला दिया। वनडे सीरीज के दौरान ऐसी अटकलें सामने आईं कि इंग्लैंड दौरे के बाद रोहित के अंतरराष्ट्रीय करियर को लेकर बड़ा फैसला हो सकता है।
इसके बाद BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने सार्वजनिक रूप से कहा कि जब तक रोहित शर्मा टीम की योजनाओं का हिस्सा हैं, तब तक उनके खेलने पर कोई रोक नहीं है। बताया जा रहा है कि इस बयान से चयन प्रक्रिया को लेकर कई सवाल खड़े हुए। बाद में रोहित के शानदार शतक ने पूरे विवाद को और चर्चा में ला दिया।
वीवीएस लक्ष्मण का नाम क्यों आगे?
मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि बोर्ड के कुछ अधिकारी वर्तमान में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के प्रमुख वीवीएस लक्ष्मण को चयन समिति की कमान सौंपने पर विचार कर रहे हैं। माना जा रहा है कि भारतीय क्रिकेट में उनके लंबे अनुभव और खिलाड़ियों के बीच सम्मानजनक छवि को देखते हुए वे इस जिम्मेदारी के लिए मजबूत दावेदार हो सकते हैं।
हालांकि, BCCI की ओर से इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। अंतिम फैसला सितंबर में प्रस्तावित BCCI की वार्षिक आम बैठक (AGM) के दौरान लिया जा सकता है।
अगरकर के कार्यकाल की उपलब्धियां
अजित अगरकर के नेतृत्व वाली चयन समिति के कार्यकाल में भारतीय टीम ने कई बड़ी सफलताएं हासिल कीं। इस दौरान टीम चार ICC टूर्नामेंट के फाइनल तक पहुंची और तीन बड़े खिताब अपने नाम किए। चयन समिति ने टीम निर्माण को लेकर कई महत्वपूर्ण और कठिन फैसले भी लिए, जिनमें युवा खिलाड़ियों को अवसर देना और भविष्य की रणनीति के अनुरूप टीम तैयार करना शामिल रहा।
कौन हैं वीवीएस लक्ष्मण?
पूर्व भारतीय बल्लेबाज वीवीएस लक्ष्मण लंबे समय से भारतीय क्रिकेट के विकास से जुड़े हुए हैं। वे दिसंबर 2021 से BCCI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का नेतृत्व कर रहे हैं और कई मौकों पर भारतीय टीम के कार्यवाहक मुख्य कोच की भूमिका भी निभा चुके हैं। युवा खिलाड़ियों को तैयार करने और क्रिकेट संरचना को मजबूत करने में उनकी भूमिका को काफी अहम माना जाता है।
अब सभी की नजर BCCI के अगले फैसले पर है कि क्या बोर्ड अजित अगरकर को एक और मौका देगा या फिर चयन समिति की कमान किसी नए चेहरे, खासकर वीवीएस लक्ष्मण, को सौंपी जाएगी।