Meta Pixel

भिलाई इस्पात संयंत्र में नव पदोन्नत मुख्य महाप्रबंधकों को उनके जीवनसाथियों की उपस्थिति में पदोन्नति आदेश प्रदान किये गये

Spread the love

भिलाई इस्पात संयंत्र के 13 महाप्रबंधकों को 30 जून, 2025 से ई-7 ग्रेड से ई-8 ग्रेड में पदोन्नत करते हुए मुख्य महाप्रबंधक (सीजीएम) बनाया गया है। पदोन्नत अधिकारियों को 06 अगस्त, 2026 को इस्पात भवन में आयोजित गरिमामय समारोह में भिलाई इस्पात संयंत्र के कार्यकारी निदेशक प्रभारी एवं कार्यपालक निदेशक (सामग्री प्रबंधन) श्री अजय कुमार चक्रवर्ती की अध्यक्षता में पदोन्नति आदेश प्रदान किए गए। पदोन्नत अधिकारियों ने अपनी जीवनसाथियों के साथ समारोह में सहभागिता की।

इस अवसर पर कार्यपालक निदेशक (वित्त एवं लेखा) श्री प्रवीण निगम, कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) श्री पवन कुमार, कार्यपालक निदेशक (परियोजनाएँ) श्री पी. के. सरकार, कार्यपालक निदेशक (वर्क्स) श्री राकेश कुमार, कार्यपालक निदेशक (रावघाट) श्री अरुण कुमार, महासचिव (ओए-बीएसपी) श्री अंकुर मिश्रा सहित संयंत्र के अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

समारोह को संबोधित करते हुए भिलाई इस्पात संयंत्र के कार्यकारी निदेशक प्रभारी एवं कार्यपालक निदेशक (सामग्री प्रबंधन) श्री अजय कुमार चक्रवर्ती ने नवपदोन्नत अधिकारियों एवं उनके जीवनसाथियों को बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि योग्य महाप्रबंधकों में से मुख्य महाप्रबंधकों का चयन करना अत्यंत चुनौतीपूर्ण रहा, क्योंकि सभी अधिकारी अपनी उत्कृष्ट कार्यकुशलता एवं नेतृत्व क्षमता के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नवपदोन्नत अधिकारी अपनी नई जिम्मेदारियों का निर्वहन समर्पण, नवाचार एवं प्रतिबद्धता के साथ करेंगे तथा सेल को अधिक गतिशील, प्रगतिशील और भविष्य के लिए सुदृढ़ संगठन बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। इस अवसर पर उपस्थित अन्य कार्यपालक निदेशकों ने भी पदोन्नत अधिकारियों को शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल एवं सफल कार्यकाल की कामना की।

भिलाई इस्पात संयंत्र में मुख्य महाप्रबंधक पद पर पदोन्नत अधिकारियों में महाप्रबंधक (ओएचपी) श्री आनंद कुमार सिंह को मुख्य महाप्रबंधक (माइंस) के पद पर पदोन्नत कर सीजीओएम, सीएमएलओ, राजहरा में पदस्थ किया गया है। महाप्रबंधक (निदेशक प्रभारी सचिवालय) श्री आनंद कुमार सिंह को मुख्य महाप्रबंधक (परियोजनाएँ) बनाया गया है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी श्री बी. के. महापात्रा को मुख्य महाप्रबंधक (अग्निशमन सेवाएँ), महाप्रबंधक (इंस्ट्रुमेंटेशन) श्री बी. मधु पिल्लई को मुख्य महाप्रबंधक (ऑटोमेशन एवं डिजिटाइजेशन), महाप्रबंधक (प्लेट मिल) श्री सी. सेषु श्रीनिवास को मुख्य महाप्रबंधक (कॉन्ट्रैक्ट सेल-वर्क्स), महाप्रबंधक प्रभारी (एसपी-2) श्री जगेंद्र कुमार को मुख्य महाप्रबंधक (सिंटर प्लांट्स), महाप्रबंधक (सुरक्षा अभियांत्रिकी विभाग) श्रीमती पुष्पा एम्ब्रोस को मुख्य महाप्रबंधक (सुरक्षा), महाप्रबंधक (वित्त एवं लेखा) श्री आर. भट्टाचार्जी को मुख्य महाप्रबंधक (वित्त एवं लेखा), महाप्रबंधक प्रभारी (पीबीएस) श्री शेख जाकिर को मुख्य महाप्रबंधक (पावर फैसिलिटीज), महाप्रबंधक (यूआरएम) श्री शिशिर शुक्ला को मुख्य महाप्रबंधक (यूआरएम), एसीएमओ (एम एंड एचएस) डॉ. सम्बिता पंडा को सीएमओ (एम एंड एचएस) तथा महाप्रबंधक (ब्लास्ट फर्नेस) श्री विवेक वर्मा को मुख्य महाप्रबंधक (मैकेनिकल) के पद पर पदोन्नत किया गया है। इसके अतिरिक्त, भिलाई इस्पात संयंत्र से अन्य सेल इकाइयों में पदोन्नत किए गए अधिकारियों में महाप्रबंधक (माइंस), सीजीओएम, सीएमएलओ, राजहरा श्री जय प्रकाश को मुख्य महाप्रबंधक (सीसीएसओ) के पद पर पदोन्नत करते हुए सीएमएलओ, धनबाद में पदस्थापित किया गया है।

समारोह के दौरान नव पदोन्नत अधिकारियों एवं उनके जीवन साथियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए अपने विचार साझा किये। उन्होंने संगठन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए नई जिम्मेदारियों एवं संगठन की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का विश्वास जताया। कार्यक्रम का संचालन सहायक महाप्रबंधक (मानव संसाधन–एक्सिक्यूटिव इस्टैब्लिशमेंट) सुश्री हर्षल अग्रवाल ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *