कवर्धा। छत्तीसगढ़ की कवर्धा पुलिस ने वृद्ध महिलाओं से चेन स्नैचिंग करने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई पांच चेन स्नैचिंग की वारदातों का खुलासा करते हुए आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई तीन मोटरसाइकिल, करीब छह ग्राम सोना, एक हजार रुपये नकद समेत कुल 3.41 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार सभी आरोपी बैहरसरी गांव के रहने वाले हैं। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्हें जुआ खेलने की लत थी। पैसों की कमी होने पर वे मोटरसाइकिल से गांव-गांव घूमकर अकेली और बुजुर्ग महिलाओं को निशाना बनाते थे तथा उनके गले से सोने-चांदी के आभूषण झपटकर फरार हो जाते थे।
पुलिस ने आरोपियों से जेवरात और कैश किया बरामद
पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर सूचना और जांच के आधार पर गिरोह तक पहुंचकर सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन मोटरसाइकिल, लगभग छह ग्राम सोना, एक हजार रुपये नकद सहित कुल 3.41 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया है। पूछताछ में आरोपियों ने जिले में हुई पांच चेन स्नैचिंग की वारदातों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य जिलों में उनकी संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।