रायपुर – बिलासपुर स्थित खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की दो प्रतिभाशाली हॉकी खिलाड़ी गीता यादव और मधु सिदार का भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम में चयन हुआ है। दोनों खिलाड़ी 30 अगस्त से 13 सितंबर तक चीन के मोकी में आयोजित होने वाले जूनियर एशिया कप में भारत की ओर से मैदान में उतरेंगी।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने दी बधाई
भारतीय टीम में चयन के बाद उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने वीडियो कॉल के माध्यम से दोनों खिलाड़ियों से बातचीत कर उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने खिलाड़ियों की तैयारियों की जानकारी लेते हुए प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए उत्साहवर्धन किया। खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार और संचालक तनुजा सलाम ने भी दोनों खिलाड़ियों को बधाई दी।
बिलासपुर सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में मिला प्रशिक्षण
गीता यादव और मधु सिदार दोनों बिलासपुर की खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। यहां वरिष्ठ प्रशिक्षक राकेश टोप्पो और मुख्य प्रशिक्षक अजीत लकड़ा के मार्गदर्शन में दोनों खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा को निखारा और राष्ट्रीय टीम तक का सफर तय किया।
मधु सिदार का संघर्ष और उपलब्धियां
जशपुर जिले के कांसाबेल विकासखंड के पोंगरो गांव की रहने वाली मधु सिदार किसान परिवार से आती हैं। उन्होंने सब-जूनियर नेशनल चैंपियनशिप, स्कूल नेशनल और इंटर जोन प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन किया है। वर्ष 2025 की हॉकी इंडिया नेशनल चैंपियनशिप में उनकी टीम चौथे स्थान पर रही थी। इसके अलावा वह खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 में भी हिस्सा ले चुकी हैं। अप्रैल 2026 से वह बेंगलुरु में भारतीय जूनियर टीम के प्रशिक्षण शिविर का हिस्सा हैं।
गीता यादव पहले भी कर चुकी हैं अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधित्व
कबीरधाम जिले के बोड़ला की रहने वाली गीता यादव ने हॉकी की शुरुआती ट्रेनिंग कोच शिवा चौहान से ली। वर्ष 2024 में उन्होंने पहली बार भारतीय टीम के साथ नीदरलैंड और बेल्जियम दौरे में हिस्सा लिया। इसके बाद अर्जेंटीना दौरा (2025) और इंग्लैंड-स्कॉटलैंड दौरा (2026) में भी वह भारतीय जूनियर टीम का हिस्सा रह चुकी हैं। अब उनका चयन जूनियर एशिया कप के लिए भी हुआ है।
छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का अवसर
दोनों खिलाड़ियों का भारतीय टीम में चयन प्रदेश में हॉकी प्रतिभाओं के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। इससे न केवल खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की प्रशिक्षण व्यवस्था को नई पहचान मिली है, बल्कि राज्य की युवा खिलाड़ियों को भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।