Meta Pixel

छात्र समय का सदुपयोग करें, अध्ययन, खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों से जुड़ें : गजेंद्र

Spread the love

स्कूल शिक्षा मंत्री और दुर्ग शहर विधायक गजेन्द्र यादव गुरुवार को साइंस कॉलेज में आयोजित दीक्षारंभ कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने नवप्रवेशी छात्राओं का तिलक लगाकर और पुष्प अर्पित कर स्वागत किया। उन्हें महाविद्यालयीन जीवन की नई यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को महाविद्यालय के वातावरण, शैक्षणिक गतिविधियों एवं अनुशासित छात्र जीवन से परिचित कराना था।

इस अवसर पर शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने नवप्रवेशी छात्राओं से संवाद करते हुए कहा कि महाविद्यालय केवल डिग्री प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण, नेतृत्व क्षमता विकसित करने और जीवन के उद्देश्य तय करने का महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक छात्रा अपने भीतर असीम प्रतिभा और संभावनाएं लेकर आती है। आवश्यकता केवल निरंतर अध्ययन, अनुशासन, सकारात्मक सोच और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की है।

यादव ने छात्राओं से कहा कि अपने समय का सदुपयोग करें, नियमित अध्ययन करें, पुस्तकालय का अधिकाधिक उपयोग करें तथा खेल, सांस्कृतिक गतिविधियों, नवाचार और सामाजिक सरोकारों से भी जुड़ें। शिक्षा का उद्देश्य केवल रोजगार प्राप्त करना नहीं, बल्कि एक जिम्मेदार, संवेदनशील और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने वाला नागरिक बनना भी है। आगे यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार शिक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। विद्यालयों और महाविद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, आधुनिक शिक्षण संसाधनों की उपलब्धता, डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अनेक महत्वपूर्ण पहल की जा रही हैं।

कार्यक्रम के दौरान शिक्षा मंत्री ने महाविद्यालय की प्राचार्या, प्राध्यापकों एवं शिक्षण समिति के सदस्यों के साथ बैठक कर महाविद्यालय में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों, विद्यार्थियों की संख्या, उपलब्ध संसाधनों तथा भविष्य की आवश्यकताओं की जानकारी ली। महाविद्यालय प्रबंधन द्वारा छात्राओं के लिए खेल मैदान सहित अन्य अधोसंरचनात्मक सुविधाओं की मांग रखी गई। इस पर उन्होंने विभागीय अधिकारियों को शीघ्र विस्तृत प्राक्कलन (एस्टीमेट) तैयार करने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम में सभापति श्याम शर्मा, पार्षद खालिक रिजवी, महाविद्यालय शिक्षण समिति के सदस्य दिनेश नालोडे, झरना वर्मा, प्रीती साहू, प्राचार्या रंजना श्रीवास्तव, महाविद्यालय के प्राध्यापकगण आदि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *