बिलासपुर। जन्मदिन को खास बनाने के लिए लोग अक्सर केक काटते हैं और पार्टी देते हैं, लेकिन बिलासपुर के कोनी निवासी अतुल धीवर ने इस दिन को सेवा और आभार व्यक्त करने का माध्यम बना दिया। उन्होंने अपने जन्मदिन के अवसर पर 500 से अधिक छात्रों और स्थानीय लोगों को मुफ्त में वड़ा पाव और आलू गुंडा खिलाकर सभी का दिल जीत लिया।
सुबह से ही अतुल के ठेले पर लोगों की लंबी कतारें लग गईं। जैसे-जैसे मुफ्त नाश्ते की जानकारी फैलती गई, आसपास के कॉलेजों के छात्र और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में वहां पहुंचने लगे। दिनभर लोगों को बिना किसी शुल्क के वड़ा पाव और आलू गुंडा परोसा गया।
ग्राहकों को बताया परिवार
अतुल धीवर ने कहा कि उनकी रोजी-रोटी सालभर ग्राहकों की बदौलत चलती है, इसलिए जन्मदिन पर वह उन्हें धन्यवाद देने के लिए एक दिन मुफ्त नाश्ता कराते हैं।
उन्होंने कहा, “365 दिन इन्हीं लोगों से कमाई होती है। इसलिए साल में एक दिन मैं अपने ग्राहकों को रिटर्न गिफ्ट देता हूं। मेरे लिए ग्राहक परिवार जैसे हैं।”
पिछले साल दाबेली, इस बार वड़ा पाव
अतुल पिछले कई वर्षों से नाश्ते का ठेला संचालित कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि यह परंपरा उन्होंने दो साल पहले शुरू की थी। पिछले जन्मदिन पर उन्होंने लोगों को मुफ्त दाबेली खिलाई थी, जबकि इस बार वड़ा पाव और आलू गुंडा परोसा गया।
छात्रों और स्थानीय लोगों ने की सराहना
इस अनोखी पहल की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में छात्र स्वादिष्ट नाश्ता करने पहुंचे। लोगों ने अतुल की सोच की सराहना करते हुए कहा कि आज के दौर में जहां जन्मदिन पर दिखावे पर अधिक खर्च होता है, वहीं ग्राहकों के साथ खुशियां बांटने की यह पहल समाज के लिए प्रेरणादायक है।
जन्मदिन पर मुफ्त नाश्ता वितरण की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की पहल समाज में अपनापन और सकारात्मक संदेश देने का काम करती है।