रायपुर। सब इंस्पेक्टर-सूबेदार भर्ती के रिजल्ट जारी होने के बाद कुछ अभ्यर्थियों के नामों को लेकर कांग्रेस पार्टी ने सवाल उठाए हैं। इसके बाद विवाद के हालात बनते देख पीएससी ने स्पष्टीकरण जारी कर दिया है। उससे पहले कांग्रेस ने तीखे आरोप लगाए थे, जिसका भाजपा ने कड़ा जवाब भी दिया है।
मामला बढ़ने के बाद पीएससी ने स्पष्ट किया है कि, जिन नामों को लेकर विवाद हो रहा है, वे नाम कैंडिडेट्स ने आवेदन के दौरान खुद ही भरे थे। पीएससी ने कहा, सोशल मीडिया में विभिन्न माध्यमों से कुछ अभ्यर्थियों के नामों यथा NEWS, SPACERANI, HE RAM, BHAKT PRAHLAD, TUFAIL इत्यादी के संबंध में भ्रामक एवं तथ्यहीन जानकारी प्रसारित की जा रही है। अभ्यर्थियों के वास्तविक नामों का उपहास करते हुए आयोग द्वारा जारी परीक्षा परिणाम को प्रश्नगत किया जा रहा है।
सोशल मीडिया पर वायरल दावों का आयोग ने किया खंडन
छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग सोशल मीडिया पर प्रसारित उक्त रील्स तथा शॉर्ट्स वीडियो में प्रदर्शित तथ्यों का स्पष्ट रूप से खंडन करता है। आयोग द्वारा जारी परीक्षा परिणाम में प्रदर्शित अभ्यर्थियों के नाम वही हैं, जो संबंधित अभ्यर्थियों द्वारा अपने ऑनलाइन आवेदन पत्र में अंकित कर अंतिम रूप से सब्मिट किए गए थे। उक्त नाम से ही अभ्यर्थी दस्तावेज एवं शारीरिक परीक्षण तथा प्रारंभिक परीक्षा में सम्मिलित हुए थे तथा उनके प्रवेश-पत्र में भी उनके नाम यथावत प्रदर्शित किए गए थे।
भाजपा बोली- नाम सही, कांग्रेस ने कहा- बड़ी लापरवाही
भाजपा के प्रवक्ता उज्जवल दीपक का कहना है, छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (सीजीपीएससी) द्वारा सूबेदार, उप निरीक्षक संवर्ग, प्लाटून कमांडर परीक्षा 2024 के प्रारंभिक लिखित परिणाम को लेकर जारी आधिकारिक स्पष्टीकरण ने पूरे विवाद को समाप्त कर दिया है। आयोग ने स्पष्ट कर दिया है कि जिन नामों को लेकर सोशल मीडिया पर भ्रम फैलाया जा रहा था, वे संबंधित अभ्यर्थियों द्वारा स्वयं ऑनलाइन आवेदन में दर्ज किए गए वास्तविक नाम हैं तथा पूरी भर्ती प्रक्रिया उन्हीं नामों के आधार पर संचालित हुई है।
यवुाओं के साथ मजाक कर रही कांग्रेस : चिमनानी
छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने अपार मेहनत करके पास हुए छात्रों को बताया फर्जी, उनके नामो का अपमान किया, उन्हें नौकरी मिलने का विरोध किया, युवाओं के भविष्य के साथ इससे घटिया मजाक क्या हो सकता है? कांग्रेस पार्टी को ऐसी अफवाह फैलाने, युवाओं के भविष्य में बाधा बनने, उनका अपमान करने तत्काल माफी मांगनी चाहिए। देखिये सच्चाई जिसने कांग्रेस को कटघरे में खड़े कर दिया है।
युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ : शुक्ला
इस मामले में प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा, सब-इंस्पेक्टर और प्लाटून कमांडर की भर्ती परीक्षा के प्री-परीक्षा 2024 का परिणाम 12 जुलाई को घोषित हुआ इस परीक्षा परिणाम में जो सूची जारी हुई है उसमें अनोखे नाम वाले प्रतिभागियों का नाम परीक्षा परिणाम में है, क्रमांक 467 में स्पेसरानी नाम की प्रतिभागी का नाम है।
इसी तरह क्रमांक 6074 में न्यूज नाम का प्रतिभागी है। क्रमांक 5769 में तूफान नाम का प्रतिभागी है। क्रमांक 93 में मैन बटन का नाम का प्रतिभागी है। सूची में शामिल यह नाम बताते हैं कि राज्य लोकसेवा आयोग तथा सरकार परीक्षा को लेकर कितनी ज्यादा लापरवाह है। यह युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। श्री शुक्ला ने कहा, सरकार युवाओं का भरोसा पूरी तरह से खो चुकी है।