रायपुर। राजधानी रायपुर में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों के खिलाफ चल रही कार्रवाई के बीच पुलिस ने एक और व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। टिकरापारा थाना क्षेत्र के संजय नगर में पुलिस ने दबिश देकर 31 वर्षीय शेख रेहान को पकड़ा है। पुलिस के मुताबिक, रेहान करीब 26 साल से रायपुर में रह रहा था और यहां गाड़ी मैकेनिक का काम करता था।
पुलिस का दावा है कि आरोपी के पास आधार कार्ड, राशन कार्ड और पासपोर्ट समेत कई भारतीय दस्तावेज मौजूद थे। फिलहाल पुलिस ने उसके दस्तावेज और पासपोर्ट जब्त कर लिए हैं और उसके परिजनों की तलाश की जा रही है।
5 साल की उम्र में रायपुर आया था रेहान
पुलिस के अनुसार, शेख रेहान करीब 5 साल की उम्र में साल 2000 में अपने माता-पिता के साथ रायपुर आया था। इसके बाद उसने रायपुर में ही पढ़ाई की और लंबे समय तक यहीं रहा।
आरोपी संजय नगर में किराए के मकान में रह रहा था। इसके अलावा टिकरापारा इलाके में उसकी गाड़ी मैकेनिक की दुकान भी होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
पुलिस का कहना है कि रेहान और उसके माता-पिता ने रायपुर में रहते हुए आधार और राशन कार्ड सहित कई भारतीय दस्तावेज बनवा लिए थे। उसके पास भारतीय पासपोर्ट होने की बात भी सामने आई है।
पिछले साल अभियान के दौरान चला गया था बांग्लादेश
पुलिस के मुताबिक, पिछले साल अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों के खिलाफ चलाए गए अभियान के दौरान रेहान अपने माता-पिता के साथ रायपुर से पहले कोलकाता और फिर सड़क मार्ग से बांग्लादेश चला गया था।
बताया गया कि बांग्लादेश में कुछ महीने रहने के बाद वह दोबारा भारत आया और अलग-अलग स्थानों पर छिपकर रहने लगा। पुख्ता सूचना मिलने के बाद पुलिस ने सोमवार को संजय नगर स्थित उसके ठिकाने पर दबिश दी और उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अब उसके माता-पिता और अन्य परिजनों की तलाश कर रही है।
पिछले महीने भी संजय नगर से गिरफ्तारी
इससे पहले संजय नगर इलाके से पुलिस ने जमाल करीम (42) नाम के एक अन्य व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया था। पुलिस के मुताबिक, जमाल वर्ष 2013 में अपने माता-पिता के साथ रायपुर आया था। इससे पहले वह पश्चिम बंगाल में रह रहा था।
रायपुर आने के बाद उसने कबाड़ का काम शुरू किया। पुलिस के अनुसार, उसके पास भी आधार कार्ड और निवास प्रमाण-पत्र समेत भारतीय दस्तावेज मिले थे। पुलिस का दावा है कि उसके दस्तावेज उसके पिता ने तैयार करवाए थे।
बांग्लादेश में पहली पत्नी, ओडिशा में दूसरी शादी का दावा
पुलिस के मुताबिक, जमाल पहले से शादीशुदा था और उसकी पहली पत्नी बांग्लादेश में रहती है। बाद में उसने ओडिशा में दूसरी शादी कर ली, जिससे उसके बच्चे भी हैं।
अवैध रूप से रह रहे लोगों के खिलाफ अभियान शुरू होने के बाद जमाल के ओडिशा चले जाने की जानकारी सामने आई थी। कुछ समय वहां रहने के बाद जब वह रायपुर लौटा तो पुलिस ने उसे संजय नगर से गिरफ्तार कर लिया।
दोनों आरोपियों को डिटेंशन सेंटर में रखा गया
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों को रायपुर केंद्रीय जेल परिसर स्थित डिटेंशन सेंटर में रखा गया है। उनकी जानकारी गृह मंत्रालय और विदेश मंत्रालय को भी भेजी गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि संबंधित प्रक्रिया पूरी होने के बाद दोनों को बांग्लादेश वापस भेजने की कार्रवाई की जाएगी।
दूसरे जिलों में भी कार्रवाई जारी
रायपुर के अलावा छत्तीसगढ़ के अन्य जिलों में भी अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों की पहचान और कार्रवाई का अभियान जारी होने की बात पुलिस ने कही है। दुर्ग, बीजापुर, सरगुजा और राजनांदगांव समेत कई क्षेत्रों में भी इस तरह की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, पिछले साल एटीएस ने मो. इस्माइल, शेख अकबर और शेख साजन समेत कुछ बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया था।
फिलहाल रायपुर में गिरफ्तार शेख रेहान से पुलिस पूछताछ कर रही है। उसके दस्तावेजों की जांच और भारत में उसके लंबे समय तक रहने से जुड़े रिकॉर्ड को भी खंगाला जा रहा है।