राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने गुरुवार सुबह बड़ी कार्रवाई की। ED की टीम ने करीब सुबह 6 बजे शहर के कुछ प्रमुख कारोबारियों के घरों और कारोबारी परिसरों पर जांच शुरू की। सत्यम विहार कॉलोनी में यश नाहटा और रोमिल नाहटा के घर व कारोबारी ठिकानों पर जांच चल रही है। वहीं, कामठी लाइन स्थित कारोबारी मनीष भंसाली के ठिकाने पर भी ED की टीम दस्तावेजों की जांच कर रही है।
रायपुर से पहुंची ED की टीम इन परिसरों में दस्तावेज, डिजिटल डिवाइस और वित्तीय लेन-देन से संबंधित रिकॉर्ड खंगाल रही है। इसके साथ ही ऑनलाइन वित्तीय लेन-देन और देनदारियों से जुड़े रिकॉर्ड की भी जांच किए जाने की जानकारी सामने आई है।
हालांकि, ED की ओर से अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि यह कार्रवाई किस मामले या कथित घोटाले से संबंधित है। अधिकारियों की ओर से भी फिलहाल कोई विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। इसलिए छापेमारी के कारणों को लेकर किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।
पहले EOW भी कर चुकी है कार्रवाई
बताया जा रहा है कि इससे पहले 29 अक्टूबर को जिला खनिज न्यास निधि (DMF) से जुड़े कथित घोटाले की जांच के दौरान EOW की टीम ने भी इन्हीं परिसरों में छापेमारी की थी।
उस समय रायपुर से करीब आठ वाहनों में अधिकारियों की टीमें राजनांदगांव पहुंची थीं और संबंधित कारोबारियों के परिसरों में दस्तावेजों तथा वित्तीय रिकॉर्ड की जांच की गई थी।
अब ED की ताजा कार्रवाई के बाद राजनांदगांव में कारोबारी ठिकानों पर चल रही जांच को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। फिलहाल ED की जांच जारी है और एजेंसी की ओर से आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही कार्रवाई की पूरी वजह स्पष्ट हो सकेगी।