Meta Pixel

पहली बार एक साथ होंगे पुरुष और महिला हॉकी वर्ल्ड कप, 32 टीमें लगाएंगी खिताब के लिए जोर

Spread the love

हॉकी प्रेमियों के लिए 15 अगस्त से बड़ा टूर्नामेंट शुरू होने जा रहा है। इस बार पहली बार पुरुष और महिला हॉकी वर्ल्ड कप एक साथ आयोजित किए जा रहे हैं। बेल्जियम और नीदरलैंड संयुक्त रूप से इस विश्व कप की मेजबानी कर रहे हैं। टूर्नामेंट 15 से 30 अगस्त तक चलेगा और मुकाबले दो वेन्यू पर खेले जाएंगे।

भारतीय पुरुष टीम अपने अभियान की शुरुआत 15 अगस्त को वेल्स के खिलाफ करेगी। यह मुकाबला भारतीय समयानुसार शाम 4:30 बजे शुरू होगा। वहीं महिला वर्ग में भारत का पहला मुकाबला 16 अगस्त को चीन से होगा।

16 दिन तक चलेगा हॉकी का महासंग्राम

इस बार पुरुष और महिला दोनों प्रतियोगिताओं का आयोजन एक साथ किया जा रहा है। टूर्नामेंट में कुल 32 टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिनमें पुरुष और महिला वर्ग की 16-16 टीमें शामिल हैं।

प्रतियोगिता का नया फॉर्मेट भी काफी खास है। पहले चरण में टीमें पूल स्टेज में खेलेंगी। इसके बाद क्रॉसओवर चरण और फिर सेमीफाइनल व फाइनल मुकाबले होंगे। इस बार पारंपरिक क्वार्टर फाइनल चरण नहीं रखा गया है।

29 और 30 अगस्त को होंगे फाइनल

महिला वर्ल्ड कप का फाइनल 29 अगस्त को खेला जाएगा, जबकि पुरुष वर्ल्ड कप का खिताबी मुकाबला 30 अगस्त को होगा। दोनों वर्गों में फाइनल के दिन ब्रॉन्ज मेडल मुकाबला भी आयोजित किया जाएगा।

भारत-पाकिस्तान मुकाबले पर रहेगी खास नजर

भारतीय पुरुष टीम के लिए सबसे चर्चित मुकाबलों में से एक पाकिस्तान के खिलाफ मैच होगा। भारत और पाकिस्तान की टीमें 19 अगस्त को आमने-सामने होंगी। इस मुकाबले पर दुनियाभर के हॉकी प्रशंसकों की नजर रहेगी।

बेल्जियम पहली बार कर रहा पुरुष वर्ल्ड कप की मेजबानी

2026 हॉकी वर्ल्ड कप बेल्जियम के लिए भी ऐतिहासिक है। देश पहली बार पुरुष हॉकी वर्ल्ड कप की मेजबानी कर रहा है। मुकाबले बेल्जियम के वावरे और नीदरलैंड के एम्स्टेलवीन में खेले जाएंगे।

हरमनप्रीत और सलीमा के हाथों में भारत की कमान

भारतीय पुरुष टीम की कप्तानी हरमनप्रीत सिंह करेंगे, जबकि महिला टीम की कमान सलीमा टेटे संभालेंगी।

भारतीय पुरुष टीम

गोलकीपर्स: मोहित एच.एस., सूरज करकेरा

डिफेंडर्स: हरमनप्रीत सिंह (कप्तान), जरमनप्रीत सिंह, अमित रोहिदास, जुगराज सिंह, संजय, सुमित, यशदीप सिवाच

मिडफील्डर्स: मनप्रीत सिंह, हार्दिक सिंह, विवेक सागर प्रसाद, नीलाकांता शर्मा, राजिंदर सिंह, आदित्य अर्जुन लालगे

फॉरवर्ड्स: मंदीप सिंह, अभिषेक, सुखजीत सिंह, दिलप्रीत सिंह, शिलानंद लाकड़ा

भारतीय महिला टीम

गोलकीपर्स: सविता पूनिया, बिशू देवी खरीबाम

डिफेंडर्स: ईशिका चौधरी, सुशीला चानु पुखरंबम, लालथंटलुआंगी, ज्योति, शिल्पी डबास

मिडफील्डर्स: सलीमा टेटे (कप्तान), निक्की प्रधान, साक्षी राणा, सुनेलिता टोप्पो, नेहा, दीपिका सोरेंग

फॉरवर्ड्स: लालरेमसियामी, रुतुजा दादासो पिसाल, नवनीत कौर, दीपिका सहरावत, ईशिका, बलजीत कौर, ब्यूटी डुंगडुंग

वर्ल्ड कप में नहीं होती इनामी राशि

हॉकी वर्ल्ड कप में क्रिकेट के कई बड़े टूर्नामेंटों की तरह विजेता के लिए अलग से बड़ी इनामी राशि का प्रावधान नहीं है। FIH की ओर से विजेता टीम को ट्रॉफी और खिलाड़ियों को मेडल प्रदान किए जाते हैं।

नीदरलैंड ने हर पुरुष वर्ल्ड कप में लिया हिस्सा

भारत, नीदरलैंड और स्पेन जैसी टीमें पुरुष हॉकी वर्ल्ड कप के हर संस्करण में हिस्सा ले चुकी हैं। ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और अर्जेंटीना भी इस टूर्नामेंट की नियमित टीमें रही हैं। पाकिस्तान और बेल्जियम ने भी कई संस्करणों में हिस्सा लिया है।

महिला वर्ग में नीदरलैंड, अर्जेंटीना और जर्मनी जैसी टीमें लगातार वर्ल्ड कप में खेलती रही हैं।

भारत ने 1975 में जीता था इकलौता पुरुष वर्ल्ड कप

भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने 1971 में शुरू हुए पहले वर्ल्ड कप से ही इसमें हिस्सा लिया है। भारत ने अब तक सिर्फ एक बार विश्व कप का खिताब जीता है।

1975 में कुआलालंपुर, मलेशिया में खेले गए फाइनल में भारत ने पाकिस्तान को हराकर अपना पहला और अब तक का एकमात्र हॉकी वर्ल्ड कप खिताब जीता था।

भारतीय महिला टीम ने 1974 में अपने पहले वर्ल्ड कप में हिस्सा लिया था, लेकिन वह अब तक विश्व कप का खिताब नहीं जीत सकी है।

पाकिस्तान से हटाकर स्पेन ले जाया गया था पहला वर्ल्ड कप

हॉकी वर्ल्ड कप आयोजित करने का विचार पाकिस्तान के एयर मार्शल नूर खान से जुड़ा रहा है। 1969 में FIH की बैठक में भारत और पाकिस्तान ने संयुक्त रूप से टूर्नामेंट की मेजबानी का प्रस्ताव रखा था।

हालांकि, 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध और सुरक्षा संबंधी परिस्थितियों के कारण पहला वर्ल्ड कप पाकिस्तान से हटाकर स्पेन के बार्सिलोना में आयोजित किया गया। बाद में पाकिस्तान ने फाइनल में जीत दर्ज करते हुए पहला हॉकी वर्ल्ड कप अपने नाम किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *