धमतरी – स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर जिले में पर्यटन, साहसिक खेलों और स्थानीय आजीविका को बढ़ावा देने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल की गई है। रुद्री बांध परिसर में बहुप्रतीक्षित कयाकिंग अकादमी का भव्य शुभारंभ नगर निगम के महापौर रामू रोहरा द्वारा किया गया।
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने बताया कि, यह अकादमी ‘गंगरेल ब्लू एडवेंचर स्पोर्ट्स एसोसिएशन (छत्तीसगढ़)’ तथा ‘कर्मा महिला स्व-सहायता समूह, रुद्री’ के संयुक्त सहयोग से प्रारंभ की गई है। जिले में जल-आधारित साहसिक गतिविधियों को एक नई पहचान देने और स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजित करने की दिशा में यह कदम मील का पत्थर साबित होगा।
पर्यटन और एडवेंचर का नया केंद्र बनेगा रुद्री व गंगरेल क्षेत्र
महापौर रामू रोहरा ने कहा कि, रुद्री बांध की प्राकृतिक सुंदरता, जलराशि और मनोरम परिवेश को ध्यान में रखते हुए कयाकिंग अकादमी के माध्यम से स्थानीय युवाओं एवं पर्यटकों को कयाकिंग जैसे साहसिक जल खेलों का अनुभव प्राप्त होगा। इससे धमतरी के पर्यटन मानचित्र पर रुद्री एवं गंगरेल क्षेत्र को और अधिक आकर्षक बनाने में मदद मिलेगी।
युवाओं के लिए रोजगार और महिला सशक्तिकरण की नई मिसाल
उन्होंने ने बताया कि, कयाकिंग अकादमी का उद्देश्य केवल साहसिक खेलों को बढ़ावा देना ही नहीं, बल्कि स्थानीय युवाओं को प्रशिक्षण एवं रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना, महिला स्व-सहायता समूहों की भागीदारी बढ़ाना तथा स्थानीय स्तर पर पर्यटन आधारित आजीविका को सशक्त करना भी है। इस पहल से आने वाले समय में जल पर्यटन से जुड़े अन्य गतिविधियों के विस्तार की संभावनाएं भी बढ़ेंगी।
कयाकिंग से बढ़ेगा जल पर्यटन, युवाओं को मिलेंगे रोजगार के अवसर
महापौर रामू रोहरा ने कयाकिंग के फायदे बताते हुए कहा कि, इससे रोमांच और मनोरंजन तो होगा ही बल्कि शरीर की अच्छी कसरत, जल पर्यटन को बढ़ावा,पर्यटकों के लिए नया आकर्षण के साथ ही स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी मिलेंगे। उन्होंन कहा कि, स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अकादमी का शुभारंभ ‘जल, प्रकृति और समुदाय के साथ नई शुरुआत’ के संदेश को सार्थक करता है। कयाकिंग अकादमी का मूल संदेश “Paddle Your Way to Adventure – Live Life One Stroke at a Time” युवाओं में साहस,आत्मविश्वास और प्रकृति के प्रति जुड़ाव की भावना को प्रोत्साहित करता है।
रुद्री बांध परिसर में शुरू हुई कयाकिंग अकादमी
महापौर रामू रोहरा, कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कयाक’ में बैठकर चप्पू (Paddle) चलाकर रोमांच का अनुभव किया । रुद्री बांध परिसर में विकसित यह पहल धमतरी जिले में साहसिक पर्यटन, जल क्रीड़ा और स्थानीय रोजगार के नए अवसरों का द्वार खोलने की दिशा में एक उल्लेखनीय कदम है। आने वाले समय में यहां पर्यटकों और साहसिक खेल प्रेमियों के लिए सुरक्षित, व्यवस्थित और आकर्षक गतिविधियों का विस्तार किए जाने की संभावनाएं हैं।
ये लोग रहे मौजूद
इस अवसर पर इस अवसर पर एसडीएम धमतरी पीयूष तिवारी, एसडीएम कुरूद नभ सिंह,जिला पंचायत सदस्य मोनिका देवांगन, सरपंच रुद्री सहित जनप्रतिनिधि, गंगरेल ब्लू एडवेंचर स्पोर्ट्स एसोसिएशन (छत्तीसगढ़) एवं कर्मा महिला स्व-सहायता समूह के सदस्य सहित अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे ।