भिलाई के सिविक सेंटर स्थित यूनियन बैंक में करीब 4 फीट लंबा अजगर निकला। घटना दोपहर करीब 2:30 बजे की है। बैंक के कर्मचारी लंच की तैयारी कर रहे थे, तभी एक कर्मचारी की नजर इलेक्ट्रिक पैनल पर गई।
पैनल के अंदर से अजगर की पूंछ बाहर लटकती दिखाई दी। अजगर को देखते ही बैंक कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद इसकी जानकारी रेस्क्यू टीम को दी गई। बैंक में अजगर निकलने का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
अजगर दिखाई देने के बाद बैंक का काम रोक दिया गया। बैंक में लेन-देन और दूसरे कामों के लिए पहुंचे ग्राहकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। काफी देर तक बैंक का काम शुरू नहीं हो सका। कर्मचारियों ने तुरंत भिलाई स्टील प्लांट (BSP) के इलेक्ट्रिकल विभाग के हेड ऑफिस में फोन कर इसकी जानकारी दी।
बिजली की सप्लाई बंद कर किया रेस्क्यू सूचना मिलने के बाद इलेक्ट्रिकल विभाग से कर्मचारी मौके पर पहुंचे। अजगर इलेक्ट्रिक पैनल के अंदर था, इसलिए सबसे पहले बिजली की सप्लाई बंद की गई। इसके बाद कर्मचारियों ने सावधानी से अजगर को पैनल से बाहर निकालने की कोशिश शुरू की।
काफी मशक्कत के बाद अजगर का सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया। अजगर करीब 4 फीट लंबा था। अजगर जहरीला सांप नहीं होता है, लेकिन उसके अचानक इलेक्ट्रिक पैनल के अंदर मिलने से बैंक कर्मचारियों और ग्राहकों में डर का माहौल बन गया था। बिजली का पैनल होने के कारण रेस्क्यू के दौरान भी खास सावधानी बरती गई, ताकि किसी तरह की दुर्घटना न हो।
शिवनाथ नदी के किनारे जंगल में छोड़ा गया
अजगर के बाहर निकलने के बाद बैंक कर्मचारियों ने राहत की सांस ली। इसके बाद इलेक्ट्रिक पैनल की जांच की गई और स्थिति सामान्य होने पर बैंक का काम दोबारा शुरू किया गया। घटना के दौरान बैंक में पहुंचे कई ग्राहक अपने काम के लिए इंतजार करते रहे। अजगर का रेस्क्यू कर उसे शिवनाथ नदी से लगे जंगल में छोड़ा गया है।