Meta Pixel

वित्तमंत्री ओपी चौधरी ने लगाया पीपल का पौधा:वन-महोत्सव पर पौधों को पेड़ बनाने का लिया संकल्प,रामपुर पहाड़ में रोपी गईं कई प्रजातियों के पौधे

Spread the love

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में स्वतंत्रता दिवस समारोह के बाद प्रदेश के वित्तमंत्री और रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी रामपुर स्थित नगर वन पहुंचे। यहां वन और जलवायु परिवर्तन विभाग की ओर से आयोजित वन महोत्सव कार्यक्रम में वे मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पीपल का पौधा रोपा। कलेक्टर, डीएफओ समेत अन्य अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने भी अलग-अलग प्रजातियों के पौधे लगाए।

हर साल की तरह इस बार भी नगर वन में वन महोत्सव मनाया गया। कार्यक्रम के दौरान नगर वन की पहाड़ी पर करीब 50 पौधे लगाए गए। इनमें बरगद, पीपल, गुलमोहर, कटहल समेत अन्य प्रजातियों के पौधे शामिल हैं। पौधरोपण के लिए विभाग ने पहले से गड्ढे खोदकर तैयारी की थी।

वित्तमंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि रायगढ़ शहर के बीच नगर वन का यह क्षेत्र बेहद खूबसूरत है। यहां एक बड़े प्रोजेक्ट की योजना बनाई जा रही है, ताकि शहरवासी सुकून के पल बिता सकें। आने वाले एक साल में इस क्षेत्र को ऑक्सीजोन के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जाएगा।

गर्मी में टैंकर से पहुंचाया जाएगा पानी

उन्होंने कहा कि पौधा लगाने से ज्यादा जरूरी उसे जीवित रखना है। यहां अच्छी गुणवत्ता के पौधे लगाए जा रहे हैं। गर्मी के दिनों में टैंकर से पानी पहुंचाकर पौधों की नियमित देखभाल की जाएगी, ताकि ये पौधे बड़े होकर पेड़ बन सकें।

इको टूरिज्म के रूप में विकसित करने की योजना

डीएफओ अरविंद पीएम ने बताया कि नगर वन क्षेत्र नगर निगम के अंतर्गत आता है। शहर के करीब स्थित यह पहाड़ी क्षेत्र काफी खूबसूरत है। इसे इको टूरिज्म के रूप में विकसित करने के लिए प्रस्ताव तैयार कर विभाग को भेजा गया है।

उन्होंने बताया कि यह पहाड़ी और पथरीला क्षेत्र है। इसी को ध्यान में रखते हुए यहां की परिस्थितियों के अनुसार पौधों का चयन किया गया है। सुरक्षा के लिए पूरे क्षेत्र में फेंसिंग की गई है। जरूरत के अनुसार पौधों के लिए ट्री गार्ड भी लगाए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *