जगदलपुर – बस्तर के जगदलपुर स्थित कंगोली की 5वीं वाहिनी सशस्त्र बल की कर्मचारी कल्याण साख समिति में करीब 3 करोड़ रुपये की वित्तीय अनियमितता और गबन के मामले में पुलिस की जांच लगातार आगे बढ़ रही है। मामले में परपा पुलिस ने एक और प्रधान आरक्षक को गिरफ्तार किया है। वित्तीय मामलों से जुड़े प्रधान आरक्षक संजय चौहान को पूछताछ के बाद संदिग्ध पाए जाने पर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
इस मामले में इससे पहले 29 जुलाई को कल्याण साख समिति के अध्यक्ष एवं प्रधान आरक्षक शिवकांत तिवारी को गिरफ्तार किया गया था। अब संजय चौहान की गिरफ्तारी के बाद इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या दो हो गई है।
लोन खातों और जमा राशि में हेराफेरी का आरोप
बस्तर एसपी शलभ कुमार सिन्हा के मुताबिक, 5वीं वाहिनी कर्मचारी कल्याण साख समिति में वर्ष 2012 से 2021 के बीच लोन खातों और जमा राशि में कथित हेराफेरी की शिकायत परपा थाने में दर्ज हुई थी। शिकायत में फर्जी दस्तावेजों के इस्तेमाल के जरिए करीब 3 करोड़ रुपये की राशि के गबन का आरोप लगाया गया है। प्रारंभिक जांच में समिति के अध्यक्ष शिवकांत तिवारी की भूमिका संदिग्ध पाए जाने पर उनकी गिरफ्तारी की गई थी। इसके बाद जांच का दायरा बढ़ाते हुए उनके सहायक रहे प्रधान आरक्षक संजय चौहान से भी पूछताछ की गई। पुलिस को उनकी भूमिका संदिग्ध मिलने पर उन्हें गिरफ्तार कर रिमांड पर लिया गया है।
परिजनों ने प्रेस वार्ता कर उठाए थे सवाल
शिवकांत तिवारी की गिरफ्तारी के बाद उनके परिजनों ने जगदलपुर में प्रेस वार्ता कर उन्हें निर्दोष बताया था। परिजनों ने मामले में समिति के अन्य कर्मचारियों की संलिप्तता होने की बात कही थी। इसके बाद पुलिस ने जांच को आगे बढ़ाते हुए अन्य कर्मचारियों की भूमिका की भी पड़ताल शुरू की।
आगे भी जारी रहेंगी गिरफ्तारियां- एसपी
एसपी शलभ कुमार सिन्हा ने बताया कि मामले की जांच अभी जारी है। अब तक दो लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। जांच के दौरान यदि अन्य कर्मचारियों या संबंधित लोगों की भूमिका सामने आती है तो आगे और गिरफ्तारियां की जा सकती हैं।