राष्ट्रबोध डिजिटल सैन फ्रांसिस्को / भिलाई / रायपुर : भारत के स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में संयुक्त राज्य अमेरिका (USA) के कैलिफ़ोर्निया स्थित सैन फ्रांसिस्को शहर में आयोजित भव्य वार्षिक ‘इंडिया डे परेड’ में इस वर्ष छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत की अनुपम छटा देखने को मिली। नॉर्थ अमेरिका छत्तीसगढ़ एसोसिएशन (NACHA – नाचा) के बे एरिया चैप्टर ने इस राष्ट्रीय गौरव के पर्व पर पूरे उत्साह और गरिमा के साथ छत्तीसगढ़ राज्य का प्रतिनिधित्व किया।
सैन फ्रांसिस्को में इंडिया डे परेड के दौरान शिवरीनारायण और माता शबरी के प्रसंग पर आधारित नाचा की भव्य झांकी।
माता शबरी और भगवान राम के प्रसंग पर आधारित रही आकर्षक झांकी इस वर्ष नाचा द्वारा प्रस्तुत झांकी का मुख्य आकर्षण छत्तीसगढ़ के सुप्रसिद्ध तीर्थ शबरीनारायण (शिवरीनारायण) की पावन कथा रही। झांकी में माता शबरी की अनन्य भक्ति और भगवान श्री राम को प्रेमपूर्वक मीठे बेर खिलाने के मार्मिक प्रसंग को बेहद जीवंत और सुरुचिपूर्ण ढंग से प्रदर्शित किया गया। इस माध्यम से नाचा ने कैलिफ़ोर्निया के हृदय स्थल पर छत्तीसगढ़ की रामायण कालीन आध्यात्मिक परंपरा और सांस्कृतिक अस्मिता का परचम लहराया। परेड में शामिल विशाल भारतीय-अमेरिकी समुदाय और स्थानीय अमेरिकी दर्शकों ने झांकी का करतल ध्वनि से स्वागत किया। पूरा मार्ग “जय श्री राम”, “भारत माता की जय” और छत्तीसगढ़ के गौरवशाली उद्घोष “छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया” के नारों से गूंज उठा।
परेड में पारंपरिक परिधानों में शामिल नाचा बे एरिया की टीम और प्रवासी छत्तीसगढ़िया परिवार।
‘हमारी संस्कृति ही हमारी पहचान’ : पूजा महतो इस सफल आयोजन का नेतृत्व नाचा बे एरिया चैप्टर की अध्यक्ष पूजा महतो ने किया। उन्होंने अपने संदेश में कहा:
“छत्तीसगढ़ से कैलिफ़ोर्निया तक, हम चाहे दुनिया के किसी भी कोने में रहें, हमारी संस्कृति और जड़ें हमेशा हमारे साथ चलती हैं। इतने बड़े अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी धरोहर का जश्न मनाना और वैश्विक समुदाय के साथ अपनी परंपराओं को साझा करना हम सभी के लिए अत्यंत गर्व और भावुक कर देने वाला अनुभव है।”
इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में नाचा की कोर टीम के प्रमुख सदस्यों— रिशु, सौरभ, अंकिता, एकता, तेज, योगेश्वरी, दीपक, मुक्ता, युगल, ज्योति और मानस का विशेष योगदान और सक्रिय सहभागिता रही।
कैलिफ़ोर्निया की सड़कों पर छत्तीसगढ़ी लोक-संस्कृति का अनूठा संगम।
वैश्विक स्तर पर छा रहा छत्तीसगढ़ का नाम : दीपाली सरावगी नाचा की कार्यकारी अध्यक्ष दीपाली सरावगी ने बताया कि संस्था लगातार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ की कला, संस्कृति और परंपराओं को बढ़ावा दे रही है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अमेरिका के कई प्रमुख शहरों में नाचा ने सक्रिय भागीदारी कर राज्य की संस्कृति को गौरवान्वित किया है। उन्होंने इस शानदार और सफल प्रस्तुति के लिए बे एरिया टीम को विशेष बधाई दी।