Meta Pixel

‘सुरक्षा सजगता पुरस्कार वितरण एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

Spread the love

भिलाई इस्पात संयंत्र के कोक ओवन एवं कोल केमिकल विभाग द्वारा लाइन ऑफ फायर (कार्य क्षेत्र में खतरे की दिशा) एवं शून्य सहनशीलता नियमों पर केंद्रित  सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम एवं कार्यस्थल सुरक्षा में उल्लेखनीय योगदान देने वाले कर्मियों को ‘सुरक्षा सजगता पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य कार्यस्थल पर संभावित जोखिमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने, सुरक्षित कार्य व्यवहार को प्रोत्साहित करने तथा सुरक्षा नियमों के अनिवार्य पालन के प्रति प्रतिबद्धता सुदृढ़ करना था।   

इस दौरान प्रतिभागियों को लाइन ऑफ फायर से जुड़े संभावित खतरों, कार्यस्थल पर सुरक्षित दूरी बनाए रखने, जोखिम की पहचान करने तथा असुरक्षित परिस्थितियों में कार्य को रोकने के संबंध में महत्वपूर्ण सुरक्षा निर्देश दिए गए। साथ ही, शून्य सहनशीलता नियमों के अनिवार्य पालन पर विशेष जोर देते हुए श्रमिकों को सुरक्षित कार्य पद्धतियों को अपनी कार्यशैली का अभिन्न हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया गया।

इस अवसर पर मुख्य महाप्रबंधक (सीओ एंड सीसीडी) श्री तुलाराम बेहरा तथा मुख्य महाप्रबंधक (एसईडी) श्रीमती पुष्पा एम्ब्रोस ने कुल 37 कर्मचारियों को ‘सुरक्षा सर्वोत्तम’, ‘सुरक्षा अनमोल’ तथा ‘सुरक्षा दक्ष’ पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने सम्मानित कर्मियों के कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि कार्यस्थल पर सुरक्षा के प्रति सजगता और जिम्मेदार व्यवहार ही सुरक्षित कार्य संस्कृति की वास्तविक पहचान है। उन्होंने कहा कि पुरस्कार से सम्मानित कर्मियों ने अपने कार्यों के माध्यम से यह उदाहरण प्रस्तुत किया है कि सावधानी, अनुशासन और सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता को अपनाकर कार्य को अधिक सुरक्षित एवं प्रभावी बनाया जा सकता है। उन्होंने सभी कर्मचारियों एवं श्रमिकों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति की सतर्कता दुर्घटना की रोकथाम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने पुरस्कार विजेताओं के प्रयासों को अन्य कर्मियों के लिए प्रेरणादायी बताते हुए सभी से उनके सकारात्मक कार्य व्यवहार से सीख लेने और सुरक्षा को अपनी दैनिक कार्यप्रणाली में सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आग्रह किया।

कार्यक्रम में कोक ओवन के विभागीय सुरक्षा अधिकारी, वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से कर्मियों को सुरक्षा मानकों के प्रति निरंतर सजग रहने, कार्यस्थल पर सुरक्षित कार्य पद्धतियों को अपनाने तथा व्यक्तिगत स्तर पर सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *