बैडमिंटन वर्ल्ड चैंपियनशिप में भारतीय खिलाड़ियों का अभियान जोर पकड़ चुका है। टूर्नामेंट के दूसरे दिन भारत के कुल 6 मुकाबले होंगे। इनमें लक्ष्य सेन मेंस सिंगल्स और उन्नति हुड्डा विमेंस सिंगल्स में कोर्ट पर उतरेंगी। इसके अलावा विमेंस डबल्स में 2 और मिक्स्ड डबल्स में भी 2 भारतीय जोड़ियां मुकाबला करेंगी।
टूर्नामेंट के पहले दिन भारत ने शानदार प्रदर्शन किया। पीवी सिंधु, आयुष शेट्टी और तीन भारतीय डबल्स जोड़ियों ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर अगले दौर में जगह बनाई।
लक्ष्य सेन की टूर्नामेंट में पहली भिड़ंत
मेंस सिंगल्स के राउंड ऑफ 64 में लक्ष्य सेन का सामना रोमानिया के कॉलिन्स फिलिमोन से होगा। यह वर्ल्ड चैंपियनशिप में लक्ष्य का पहला मुकाबला है। अपनी आक्रामक शैली और तेज खेल के दम पर लक्ष्य जीत के साथ अभियान शुरू करना चाहेंगे।
वहीं विमेंस सिंगल्स में उन्नति हुड्डा राउंड ऑफ 64 में म्यांमार की थुजार थेट हार तिन के खिलाफ उतरेंगी। उन्नति भी जीत के साथ अगले दौर में पहुंचने की कोशिश करेंगी।
मिक्स्ड डबल्स में भारत की 2 जोड़ियां
मिक्स्ड डबल्स के राउंड ऑफ 64 में भारत की दो जोड़ियां मुकाबला करेंगी। रोहन कपूर और रुत्विका शिवानी गड्डे की जोड़ी कनाडा के जोनाथन बिंग त्सान लाई और क्रिस्टल लाई के खिलाफ खेलेगी।
दूसरे मुकाबले में अशिथ सूर्य और अमृता प्रमुथेश की जोड़ी तुर्किये के एम्रे सोनमेज और यासेमेन बेक्तास की जोड़ी से भिड़ेगी।
विमेंस डबल्स में भी दो मुकाबले
विमेंस डबल्स के राउंड ऑफ 32 में भारत की दो जोड़ियां कोर्ट पर उतरेंगी। कविप्रिया सेल्वम और सिमरन सिंघी का सामना बुल्गारिया की गैब्रिएला स्टोएवा और स्टेफानी स्टोएवा से होगा।
दूसरे मुकाबले में ट्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद की जोड़ी अमेरिका की लॉरेन लैम और एलिसन ली के खिलाफ खेलेगी।
आयुष शेट्टी ने किया बड़ा उलटफेर
भारत के लिए पहले दिन का सबसे बड़ा आकर्षण आयुष शेट्टी की जीत रही। उन्होंने वर्ल्ड नंबर-1 और डिफेंडिंग चैंपियन चीन के शी यू ची को 21-14, 13-21, 21-19 से हराकर बड़ा उलटफेर किया।
दोनों खिलाड़ियों के बीच मुकाबला 73 मिनट तक चला। आयुष के लिए यह पहला वर्ल्ड चैंपियनशिप अभियान है और उन्होंने शुरुआत में ही दुनिया के शीर्ष खिलाड़ी को हराकर अपनी क्षमता का शानदार प्रदर्शन किया।
सिंधु ने भी दर्ज की आसान जीत
दो बार की ओलंपिक मेडलिस्ट पीवी सिंधु ने भी टूर्नामेंट की शुरुआत जीत के साथ की। उन्होंने सोफिया नोबल को सीधे गेमों में 21-7, 21-11 से हराया। यह मुकाबला महज 29 मिनट चला।
अब सिंधु का सामना कनाडा की वेन यू झांग से होगा।
डबल्स में भी भारत ने पहले दिन अच्छा प्रदर्शन किया। हरिहरन अम्साकरुणन-एमआर अर्जुन, ट्रीसा जॉली-गायत्री गोपीचंद और कविप्रिया सेल्वम-सिमरन सिंघी की जोड़ियों ने अपने मुकाबले जीतकर अगले राउंड में प्रवेश कर लिया।