Meta Pixel

‘नराकास, भिलाई-दुर्ग’ की छमाही बैठक एवं वार्षिक पुरस्कार समारोह 21 अगस्त को

Spread the love

‘नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति, भिलाई-दुर्ग’ की 63वीं छमाही बैठक एवं वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन 21 अगस्त 2026 को पूर्वाह्न 11.00 बजे भिलाई इस्पात संयंत्र के ‘मानव संसाधन विकास केन्द्र’ स्थित ‘भूतल सभागार’ में किया जाएगा। इस बैठक की अध्यक्षता निदेशक प्रभारी, भिलाई इस्पात संयंत्र एवं अध्यक्ष, नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति, भिलाई-दुर्ग श्री चित्त रंजन महापात्र  करेंगे तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) श्री पवन कुमार उपस्थित रहेंगे।  

उल्लेखनीय है कि, केन्द्र सरकार के समस्त उपक्रमों, प्रतिष्ठानों, विभागों, बैंक, बीमा आदि में राजभाषा हिंदी में समस्त कार्यालयीन कामकाज सुनिश्चित करने व इनके मध्य समन्वय के लिए देश भर में 592 ‘नगर राजभाषा कार्यान्वयन समितियों’ का गठन किया गया है। भारत सरकार, गृह मंत्रालय, राजभाषा विभाग के दिशा-निर्देशों के अनुसार ‘नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति’ की छमाही बैठकों में सभी सदस्य संस्थानों के संस्थान प्रमुखगण की उपस्थिति अनिवार्य होती है।    

भिलाई-दुर्ग में स्थित केन्द्र शासन के कार्यालयों को एक सुव्यवस्थित समन्वय प्रदान करने 26 नवंबर 1986 को गठित ‘नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति, भिलाई-दुर्ग’ की छमाही बैठक का आयोजन राजभाषा विभाग द्वारा निर्धारित कैलेण्डर के अनुसार प्रतिवर्ष जनवरी एवं अगस्त माह में किया जाता है। समिति में सदस्य संस्थानों के रूप में दुर्ग-भिलाई में स्थित केन्द्र सरकार के सभी उपक्रम, प्रतिष्ठान, विभाग, बैंक एवं बीमा कंपनियाँ सम्मिलित हैं। 

उप महाप्रबंधक (संपर्क व प्रशासन, जनसंपर्क एवं प्रभारी राजभाषा) भिलाई इस्पात संयंत्र व सचिव, ‘नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति, भिलाई-दुर्ग’ श्री राघवेन्द्र कुमार गर्ग  ने जानकारी दी है कि इस कार्यक्रम में ‘नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति, भिलाई-दुर्ग’ की 62वीं छमाही बैठक की कार्यसूची का अनुपालन प्रतिवेदन प्रस्तुत किया जाएगा एवं आगामी छमाही के लिए कार्यसूची तय की जाएगी। इस अवसर पर विगत सत्र 2025-26 में सदस्य संस्थानों में हिंदी में किए जा रहे कार्यों, राजभाषा के सांविधिक प्रावधानों के अनुपालन एवं राजभाषा नीति के कार्यान्वयन के वार्षिक मूल्यांकन के आधार पर संस्थानों को शिखर, अग्रगण्य, अग्रदूत, ध्वजवाहक एवं आरोहण पुरस्कार तथा व्यक्तिगत स्तर पर राजभाषा विशिष्ट सेवा सम्मान व राजभाषा उन्नायक सम्मान प्रदान किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *