Meta Pixel

World Badminton Championship: आज कोर्ट पर उतरेंगी पीवी सिंधु, सात्विक-चिराग समेत भारत के 5 मुकाबले

Spread the love

World Badminton Championship: वर्ल्ड बैडमिंटन चैंपियनशिप में आज भारतीय खिलाड़ियों के लिए अहम दिन है। टूर्नामेंट में भारत के कुल 5 मुकाबले होने हैं। विमेंस सिंगल्स में दो बार की ओलिंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु राउंड ऑफ 16 में चीन की वांग झी यी के सामने होंगी। वहीं मेंस डबल्स में सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी भी प्री-क्वार्टरफाइनल मुकाबले में उतरेंगे।

इसके अलावा मेंस सिंगल्स में आयुष शेट्टी, विमेंस डबल्स में ट्रीसा जॉली-गायत्री गोपीचंद और मिक्स्ड डबल्स में ध्रुव कपिला-तनिषा क्रास्टो की जोड़ी भी भारत का प्रतिनिधित्व करेगी।

सिंधु की नजर क्वार्टरफाइनल पर

राउंड ऑफ 32 में पीवी सिंधु ने कनाडा की वेन यू झांग को सीधे दो गेम में 21-16, 21-17 से मात दी थी। अब अगले दौर में उनका सामना चीन की मजबूत खिलाड़ी वांग झी यी से होगा। सिंधु और वांग के बीच यह मुकाबला शाम 5:10 बजे शुरू होने की जानकारी है।

दो बार की ओलिंपिक पदक विजेता सिंधु की कोशिश इस मुकाबले को जीतकर टूर्नामेंट के क्वार्टरफाइनल में जगह बनाने की होगी।

आयुष शेट्टी के सामने अल्वी फरहान

मेंस सिंगल्स के राउंड ऑफ 16 में आयुष शेट्टी का सामना इंडोनेशिया के अल्वी फरहान से होगा। आयुष ने पिछले दौर में श्रीलंका के दमिंदु अबिविक्रमा को 21-8, 21-10 से हराकर अगले चरण में जगह बनाई।

इससे पहले आयुष ने वर्ल्ड नंबर-1 और डिफेंडिंग चैंपियन चीन के शी यू ची को हराकर टूर्नामेंट में बड़ा उलटफेर किया था। ऐसे में उनकी नजर एक और मजबूत प्रदर्शन पर होगी।

सात्विक-चिराग का प्री-क्वार्टरफाइनल मुकाबला

मेंस डबल्स में भारत की स्टार जोड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी राउंड ऑफ 16 में मलेशिया के जुनैदी अरिफ और रॉय किंग याप के खिलाफ खेलेगी।

भारतीय जोड़ी को पिछले दौर में स्कॉटलैंड के एलेक्जेंडर डन और एडम प्रिंगल के खिलाफ वॉकओवर मिला था। ऐसे में सात्विक-चिराग सीधे प्री-क्वार्टरफाइनल मुकाबले में उतरेंगे।

ट्रीसा-गायत्री के सामने जापानी जोड़ी

विमेंस डबल्स के राउंड ऑफ 16 में ट्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद की जोड़ी जापान की रिन इवानागा और की नाकानिशी से भिड़ेगी।

भारतीय जोड़ी से इस मुकाबले में मजबूत प्रदर्शन की उम्मीद है, क्योंकि जीत के साथ वे टूर्नामेंट के अगले दौर में पहुंच सकती हैं।

ध्रुव-तनिषा की चीन से टक्कर

मिक्स्ड डबल्स के राउंड ऑफ 16 में ध्रुव कपिला और तनिषा क्रास्टो की जोड़ी चीन के गुओ शिन वा और चेन फांग हुई के खिलाफ कोर्ट पर उतरेगी।

ध्रुव और तनिषा ने पिछले मुकाबले में मकाऊ के लियोंग लोक चोंग और एन वेंग ची को 21-11, 21-11 से हराया था। अब भारतीय जोड़ी के सामने चीन की चुनौती होगी।

आज के इन पांच मुकाबलों में भारतीय खिलाड़ियों की नजर अगले दौर में जगह बनाने पर होगी। सिंधु, सात्विक-चिराग और बाकी भारतीय जोड़ियों के प्रदर्शन पर बैडमिंटन फैंस की खास नजर रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *