Govinda-Sunita: बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा और उनकी पत्नी सुनीता आहूजा के रिश्ते को लेकर पिछले कुछ समय से चल रही चर्चाओं ने एक बार फिर जोर पकड़ लिया है। बुधवार को सुनीता आहूजा को मुंबई के बांद्रा फैमिली कोर्ट के बाहर देखा गया। इसके बाद दोनों के रिश्ते और तलाक को लेकर चर्चाएं तेज हो गईं। हालांकि, बाद में सामने आया कि सुनीता ने तलाक की अर्जी वापस ले ली है।
इस पूरे घटनाक्रम पर गोविंदा के मैनेजर शशि सिन्हा ने प्रतिक्रिया देते हुए सवाल उठाया कि अगर आखिरकार केस वापस ही लेना था, तो इसे दाखिल करने की जरूरत क्यों पड़ी।
गोविंदा के मैनेजर ने जताई नाराजगी
सुनीता के कोर्ट जाने और बाद में तलाक का मामला वापस लेने पर शशि सिन्हा ने कहा कि परिवार के मामलों को बातचीत के जरिए सुलझाया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि अगर केस वापस ही लेना था, तो इसे शुरू करने की जरूरत नहीं थी। उनके मुताबिक, परिवार के बीच गलतफहमियों और विवादों को बैठकर बातचीत से दूर किया जा सकता है।
मैनेजर ने यह भी कहा कि इस पूरे मामले के सार्वजनिक होने से परिवार की छवि पर असर पड़ा और उन्हें इस बात का दुख हुआ।
बेटे के साथ कोर्ट पहुंची थीं सुनीता
सुनीता आहूजा को बुधवार को अपने बेटे यशवर्धन आहूजा और वकील के साथ बांद्रा फैमिली कोर्ट के बाहर देखा गया था। उनका वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया।
जब पैपराजी ने उनसे कोर्ट आने की वजह पूछी, तो उन्होंने सीधे जवाब देने के बजाय मजाकिया अंदाज में कहा कि वह “बर्थडे मनाने आए हैं।” इसके बाद वह अपनी कार में बैठकर वहां से चली गईं।
बाद में जानकारी सामने आई कि उन्होंने गोविंदा के खिलाफ दायर तलाक की अर्जी वापस ले ली है।
गोविंदा-सुनीता के रिश्ते पर क्यों उठे सवाल?
गोविंदा और सुनीता के रिश्ते को लेकर पिछले कुछ समय से कई तरह की अटकलें सामने आती रही हैं। हाल ही में गोविंदा को उनकी आगामी फिल्म ‘रूपा’ की अभिनेत्री कोमल रानी स्वर्णकार के साथ एयरपोर्ट पर देखा गया था।
इसके बाद सोशल मीडिया पर दोनों के रिश्ते को लेकर तरह-तरह के दावे किए गए। सुनीता की कथित ‘शुगर डैडी’ टिप्पणी के बाद मामला और चर्चा में आ गया था। इसके जवाब में गोविंदा ने भी प्रतिक्रिया देते हुए सुनीता से अपनी सीमाओं में रहने की बात कही थी।
हालांकि, इन चर्चाओं के बीच अब तलाक की अर्जी वापस लिए जाने से दोनों के रिश्ते को लेकर फिर से सवाल खड़े हो गए हैं।
1987 में हुई थी गोविंदा और सुनीता की शादी
गोविंदा और सुनीता आहूजा ने मार्च 1987 में शादी की थी। दोनों ने शुरुआती दौर में अपने रिश्ते को निजी रखा। शादी के बाद उनके दो बच्चे हुए—बेटी टीना आहूजा और बेटा यशवर्धन आहूजा।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, सुनीता ने 5 दिसंबर 2024 को बांद्रा फैमिली कोर्ट में हिंदू मैरिज एक्ट, 1955 के तहत तलाक की अर्जी दाखिल की थी। इस मामले में कथित तौर पर व्यभिचार, क्रूरता और परित्याग जैसे आरोपों का उल्लेख किया गया था।
हालांकि, बाद में दोनों को गणेश चतुर्थी के दौरान साथ देखा गया था। इसके बाद तलाक की चर्चाएं कुछ समय के लिए शांत हो गई थीं। अब सुनीता द्वारा तलाक की अर्जी वापस लिए जाने के बाद दोनों के रिश्ते को लेकर एक बार फिर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।