भिलाई इस्पात संयंत्र के रेल एवं स्ट्रक्चरल मिल (आरएसएम) में हॉट ब्लूम्स की डीस्केलिंग तथा मिल के वाटर हाइड्रालिक सिस्टम के एक्यूमुलेटर्स में आवश्यक उच्च दबाव बनाए रखने के लिए प्रयुक्त हाई प्रेशर कंप्रेसर की एक पुरानी इकाई का सफलतापूर्वक इन-हाउस मरम्मत एवं पुनरुद्धार किया गया है। नव-पुनरुद्धारित हाई प्रेशर कंप्रेसर का लोकार्पण 18 अगस्त 2026 को मुख्य महाप्रबंधक (आरएसएम एवं आरटीएस) श्री टी. दस्तीदार द्वारा संयंत्र के वरिष्ठ अधिकारियों एवं आरएसएम टीम की उपस्थिति में किया गया।
इस पहल से आरएसएम में एक रेडी-रेकनर स्पेयर कंप्रेसर की उपलब्धता सुनिश्चित हुई है, जिससे उपकरणों की विश्वसनीयता एवं उत्पादन की निरंतरता को और अधिक मजबूती मिलेगी।
आरएसएम के ऑक्जिलिरीज़ एवं यूटिलिटीज सेक्शन की मेकेनिकल टीम ने आंतरिक संसाधनों का उपयोग करते हुए जे.ए. बैकर मेक के एक पुराने कंप्रेसर का पुनरुद्धार किया। इस कार्य के अंतर्गत कंप्रेसर के इनपुट साइड में डायरेक्ट फीडिंग एक्यूमुलेटर भी जोड़ा गया, जिससे इसे एक प्रभावी स्टैंडबाय स्पेयर कंप्रेसर के रूप में तैयार किया जा सका।
आरएसएम में हाई प्रेशर कंप्रेसरों में से एक सदैव प्रचालन में रहता है। ऐसे में संचालनरत कंप्रेसर में तकनीकी खराबी या आकस्मिक विफलता होने पर नव-पुनरुद्धारित कंप्रेसर को तत्काल बैकअप के रूप में उपयोग में लाया जा सकेगा। इससे उपकरण की उपलब्धता बढ़ेगी और उत्पादन प्रक्रिया में संभावित व्यवधान को कम करने में मदद मिलेगी।
यह कार्य मुख्य महाप्रबंधक (आरएसएम एवं आरटीएस) श्री टी. दस्तीदार के नेतृत्व में मैकेनिकल एवं इलेक्ट्रिकल टीम द्वारा सभी आवश्यक सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करते हुए तथा आरएसएम के नियमित उत्पादन को प्रभावित किये बिना दो सप्ताह की अल्प अवधि में सफलतापूर्वक पूर्ण किया गया।
कार्यक्रम में महाप्रबंधक प्रभारी (मैकेनिकल) श्री अरविंद टंडन, महाप्रबंधक (मैकेनिकल) श्री अजय वर्मा, उप महाप्रबंधक (मैकेनिकल) श्री सुनील सिंह एवं श्री विक्रम वर्मा, सहायक महाप्रबंधक (मैकेनिकल) श्री आलोक श्रीवास्तव एवं श्री टी. सत्यानारायण, उप प्रबंधक (मैकेनिकल) श्री आलोक अग्रवाल, सहायक महाप्रबंधक (ऑपरेशन) श्री पी. कुर्रे, जूनियर इंजीनियर (मैकेनिकल मेंटेनेंस) श्री बलसिंह तथा इंजीनियरिंग एसोसिएट (मैकेनिकल मेंटेनेंस) श्री चोवा राम वर्मा सहित आरएसएम के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।