Bilaspur News: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ाने वाला वीडियो सामने आया है। वीडियो में स्कूली छात्र एक ही बाइक पर चार से पांच की संख्या में सवार होकर खतरनाक तरीके से सड़क पर चलते और स्टंट करते नजर आ रहे हैं। कई युवकों को बिना हेलमेट वाहन चलाते हुए भी देखा गया। इसके अलावा एक स्कूटी पर पांच युवकों के सवार होने का मामला भी सामने आया है।
शहर में दोपहिया वाहन पर दो से ज्यादा लोगों के बैठने पर रोक है, लेकिन इसके बावजूद कुछ युवक खुलेआम ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करते दिखाई दे रहे हैं। इससे सड़क पर न सिर्फ उनकी, बल्कि दूसरे वाहन चालकों की जान भी खतरे में पड़ सकती है।
तितली चौक पर एक स्कूटी में 5 युवक
गुरुवार को तितली चौक के पास एक स्कूटी पर पांच युवक सवार दिखाई दिए। बताया गया कि सभी रेलवे स्टेशन की तरफ से तितली चौक होते हुए तेज रफ्तार में बुधवारी बाजार की ओर जा रहे थे।
एक ही स्कूटी पर पांच लोगों के बैठने से किसी भी समय गंभीर हादसा होने की आशंका बनी हुई थी। ऐसी स्थिति में वाहन का संतुलन बिगड़ने पर सड़क पर मौजूद दूसरे लोग भी दुर्घटना की चपेट में आ सकते हैं।
इमलीपारा में स्कूली छात्रों का खतरनाक स्टंट
इमलीपारा रोड पर स्कूल यूनिफॉर्म पहने पांच नाबालिग एक बाइक पर नजर आए। इनमें से दो छात्र बाइक पर खड़े होकर चलते वाहन में स्टंट करते दिखाई दिए।
स्कूल की छुट्टी के बाद सड़क पर इस तरह बाइक चलाने और स्टंट करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। नाबालिगों की इस तरह की लापरवाही को लेकर सड़क सुरक्षा पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
नंबर प्लेट की जगह लिखे धार्मिक नाम
बिलासपुर में सिर्फ ओवरलोडिंग और स्टंट का मामला ही सामने नहीं आया है। कुछ वाहनों की नंबर प्लेट को लेकर भी नियमों की अनदेखी दिखाई दी।
तेलीपारा रोड पर एक बुलेट की नंबर प्लेट की जगह ‘जय महाकाल’ लिखा हुआ नजर आया। वहीं साइंस कॉलेज के पास खड़ी एक अन्य बुलेट की आगे की नंबर प्लेट टूटी हुई मिली, जबकि पीछे नंबर प्लेट की जगह काली प्लेट लगी थी।
नंबर प्लेट से छेड़छाड़ या उसकी जगह कोई अन्य नाम लिखना वाहन की पहचान और ट्रैफिक नियमों के लिहाज से गंभीर मामला हो सकता है।
ट्रैफिक पुलिस चलाएगी विशेष अभियान
एडिशनल एसपी ट्रैफिक रामगोपाल करियारे के मुताबिक, शहर में बाइक और कार से स्टंट करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। चौराहों और प्रमुख सड़कों से गुजरने वाले ऐसे वाहनों पर निगरानी रखी जा रही है।
पुलिस का कहना है कि CCTV कैमरों और अन्य हाईटेक उपकरणों की मदद से नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों की पहचान की जा रही है। वीडियो फुटेज के आधार पर चालानी कार्रवाई भी की जाएगी।
बिना नंबर प्लेट या नंबर प्लेट से छेड़छाड़ करने वाले वाहनों के खिलाफ शुक्रवार से विशेष धरपकड़ अभियान शुरू किया गया है।
हाईकोर्ट भी स्टंटबाजी पर जता चुका है सख्त रुख
सड़कों पर स्टंटबाजी, जन्मदिन के नाम पर सड़क पर केक काटने और खतरनाक तरीके से वाहन चलाने के मामलों को लेकर छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट पहले ही सख्त रुख अपना चुका है। कोर्ट ने ऐसे मामलों पर स्वत: संज्ञान लेते हुए राज्य शासन से जवाब भी मांगा था।
सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने सड़क पर स्टंट करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जरूरत बताई थी, ताकि इस तरह की गतिविधियों पर रोक लगे और दूसरे युवाओं को भी सबक मिले।
कोर्ट ने यह सवाल भी उठाया था कि कार्रवाई केवल गरीब और मध्यम वर्ग तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि प्रभावशाली और संपन्न लोगों के खिलाफ भी कानून समान रूप से लागू होना चाहिए।
पुलिस के साथ लोगों की जिम्मेदारी भी जरूरी
शासन की ओर से कोर्ट में कहा गया कि नियमों का पालन कराने के साथ-साथ लोगों में जागरूकता बढ़ाना भी जरूरी है। इसके लिए थाने स्तर पर जागरूकता अभियान चलाने और कलेक्टर-एसपी स्तर से आवश्यक निर्देश जारी करने की बात कही गई।
बिलासपुर में सामने आए ये मामले एक बार फिर सवाल खड़ा करते हैं कि सड़क पर कुछ सेकंड की स्टंटबाजी और लापरवाही कहीं किसी की जिंदगी पर भारी न पड़ जाए। ट्रैफिक नियम सिर्फ चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि खुद और दूसरों की सुरक्षा के लिए बनाए गए हैं।



