कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में एक शिक्षक पर 10वीं कक्षा की नाबालिग छात्रा को अश्लील मैसेज और वीडियो भेजने तथा उस पर आपत्तिजनक फोटो-वीडियो भेजने का दबाव बनाने का गंभीर आरोप लगा है। आरोप है कि शिक्षक ने ऐसा नहीं करने पर छात्रा को परीक्षा में फेल करने की धमकी भी दी। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
मामला बांदे थाना क्षेत्र के मरोड़ा स्थित हायर सेकेंडरी स्कूल का है। पुलिस के मुताबिक आरोपी शिक्षक आशीष मंडल (30) स्कूल में गणित पढ़ाता है और पिछले करीब 10 वर्षों से वहां पदस्थ है।
एक्स्ट्रा क्लास के दौरान लिया मोबाइल नंबर
पुलिस के अनुसार 16 अगस्त को आरोपी ने 10वीं की छात्राओं के लिए एक्स्ट्रा मैथ्स क्लास ली थी। इसी दौरान उसने संबंधित छात्रा का मोबाइल नंबर लिया। आरोप है कि इसके बाद शिक्षक छात्रा को अश्लील मैसेज भेजने लगा और उससे आपत्तिजनक फोटो-वीडियो भेजने की मांग करने लगा।
परीक्षा में फेल करने का आरोप
छात्रा पर कथित तौर पर लगातार दबाव बनाया गया। आरोप है कि शिक्षक ने उसकी मांग पूरी नहीं करने पर परीक्षा में फेल करने का डर दिखाया। इससे छात्रा मानसिक रूप से परेशान हो गई और उसने पूरी घटना अपनी मां को बताई।
मां की शिकायत पर पुलिस की कार्रवाई
20 अगस्त को छात्रा की मां ने बांदे थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल मोबाइल फोन भी जब्त किया है।
BNS, POCSO और IT एक्ट के तहत केस
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ BNS की धारा 75, POCSO एक्ट की धारा 12 और IT एक्ट की धारा 67(ए) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले से जुड़े डिजिटल और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी शिक्षक को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जिला जेल कांकेर भेज दिया गया। मामले में पुलिस की आगे की विवेचना जारी है।