Meta Pixel

सूरजपुर पुलिस ने 9 लाख की ठगी का किया खुलासा, मुख्य आरोपी समेत 5 गिरफ्तार

Spread the love

सूरजपुर। पैसे दोगुने करने का लालच देकर 9 लाख रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का सूरजपुर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। कोतवाली पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी समेत पांच लोगों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपियों के कब्जे से ठगी में इस्तेमाल सफेद हुंडई कार, मोबाइल फोन और सिम कार्ड भी बरामद किए गए हैं।

पैसे दोगुने करने का दिया लालच

मामला रामानुजनगर थाना क्षेत्र के ग्राम मांजा का है। गांव निवासी अमन साहू ने पुलिस को शिकायत दी थी कि मनधुज साहू उर्फ पिन्टू साहू ने उसे रकम दोगुनी करने वाली स्कीम में पैसा लगाने का झांसा दिया। शुरुआत में अमन ने इनकार किया, लेकिन आरोपी लगातार फोन के जरिए संपर्क कर उसे निवेश के लिए राजी करता रहा।

आरोपी की बातों में आकर अमन ने अपने व्यवसाय में जमा 5.50 लाख रुपये और परिचितों से 3.50 लाख रुपये जुटाकर कुल 9 लाख रुपये तैयार किए।

कार में बुलाकर ले गए 9 लाख

3 जून को अमन, पंकज साहू के साथ आरोपियों द्वारा बताए गए स्थान पर पहुंचा। मानपुर चौक से आगे बाइपास रोड पर पीली नंबर प्लेट वाली सफेद हुंडई कार में आरोपियों से मुलाकात हुई। अमन ने उन्हें 9 लाख रुपये सौंप दिए। रकम मिलते ही आरोपी वहां से फरार हो गए।

जेल में हुई थी मुख्य आरोपी से पहचान

जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मनधुज साहू उर्फ पिन्टू को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने बताया कि वर्ष 2023 में जेल में रहने के दौरान उसकी मुलाकात वाराणसी निवासी राजेश सिंह पटेल से हुई थी। जेल से बाहर आने के बाद भी दोनों के बीच संपर्क बना रहा।

पुलिस के मुताबिक, इसके बाद राजेश सिंह पटेल और उसके साथियों के साथ मिलकर लोगों को पैसे दोगुने करने का लालच देकर ठगी करने की योजना बनाई गई।

कार और मोबाइल भी जब्त

पूछताछ और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों की निशानदेही पर ठगी में इस्तेमाल कार, मोबाइल फोन और सिम कार्ड जब्त किए गए हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *