नेटफ्लिक्स ने अपनी नई फैमिली कॉमेडी सीरीज ‘चुम्बक’ (Chumbak) का ट्रेलर जारी कर दिया है। नीना गुप्ता, देवेन भोजानी, अर्जुन बिजलानी और हेली शाह समेत कई चर्चित कलाकारों से सजी यह सीरीज एक ऐसे शहरी मोहल्ले की कहानी है, जहां पड़ोसी सिर्फ आसपास रहने वाले लोग नहीं, बल्कि एक-दूसरे की जिंदगी का अहम हिस्सा बन जाते हैं।
मोहल्ले की जिंदगी पर आधारित कहानी
‘चुम्बक’ की कहानी आज के भारतीय शहरी मोहल्ले की रोजमर्रा की जिंदगी और वहां रहने वाले अलग-अलग परिवारों के इर्द-गिर्द घूमती है। किसी घर में हुई छोटी-सी बहस हो या पारिवारिक परेशानी, बात कब पूरे मोहल्ले तक पहुंच जाए, यह कहना मुश्किल है।
कहीं पड़ोसियों की गॉसिप है तो कहीं जरूरत पड़ने पर मदद के लिए आगे आने वाले लोग। इन्हीं छोटी-छोटी घटनाओं और रिश्तों के बीच पैदा होने वाली उलझनों को सीरीज में कॉमेडी के अंदाज में दिखाया गया है।
ट्रेलर में दिखी रिश्तों की कहानी
ट्रेलर में कई परिवारों और उनके अलग-अलग रिश्तों की झलक देखने को मिलती है। अर्जुन बिजलानी मिकी और हेली शाह ट्विंकल के किरदार में नजर आ रहे हैं। दोनों एक-दूसरे के प्यार में डूबे हुए दिखाई देते हैं और अपनी अलग ही दुनिया में खुश हैं।
वहीं सुमीत व्यास आदित्य और मानसी पारेख प्रियंका खन्ना की भूमिका निभा रही हैं। उनका रिश्ता बाहर से शांत और व्यवस्थित नजर आता है, लेकिन ट्रेलर से पता चलता है कि उनके बीच भी कई तरह की उलझनें हैं।
कई परिवार और उनकी अलग-अलग परेशानियां
सीरीज में सिर्फ एक परिवार की कहानी नहीं दिखाई जाएगी। डेलनाज ईरानी, अनंत वी. जोशी और अमायरा दस्तूर तारापोरेवाला परिवार का हिस्सा हैं। इस परिवार के रिश्तों और परिस्थितियों के जरिए भी कहानी में हास्य पैदा होता है।
इसके अलावा सुमीत राघवन धर्मेंद्र और संदीपा धर किरण केजरीवाल के किरदार में दिखाई देंगी। इनके जरिए शादी और रिश्तों से जुड़े अलग-अलग पहलुओं को कहानी में जगह दी गई है।
‘साराभाई वर्सेस साराभाई’ की टीम का कनेक्शन
‘चुम्बक’ को उस प्रोडक्शन हाउस ने तैयार किया है, जिसने ‘साराभाई वर्सेस साराभाई’ और ‘खिचड़ी’ जैसे लोकप्रिय कॉमेडी शो दिए हैं। सीरीज की कहानी और निर्देशन की जिम्मेदारी आतिश कपाड़िया ने संभाली है। इसके प्रोड्यूसर जमनादास (JD) मजेठिया और आतिश कपाड़िया हैं।
10 सितंबर को Netflix पर होगी रिलीज
‘चुम्बक’ में नीना गुप्ता, देवेन भोजानी, सुमीत राघवन, संदीपा धर, अर्जुन बिजलानी, हेली शाह, सुमीत व्यास, मानसी पारेख, डेलनाज ईरानी, अनंत वी. जोशी, अमायरा दस्तूर और अतुल कुमार अहम भूमिकाओं में हैं।
फैमिली कॉमेडी से भरपूर यह सीरीज 10 सितंबर को Netflix पर प्रीमियर होगी।