बिलासपुर: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में 36 सिटी मॉल स्थित एक्वा वेलनेस स्पा सेंटर में काम करने वाली 22 वर्षीय युवती ने संचालकों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। युवती का कहना है कि उस पर ग्राहकों के साथ गलत काम करने के लिए दबाव बनाया जाता था। विरोध करने पर उसका वेतन रोक दिया गया। बाद में सैलरी मांगने पहुंचने पर उसके साथ कथित तौर पर छेड़छाड़ और मारपीट की गई और मोबाइल फोन भी छीनकर तोड़ दिया गया।
मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने स्पा सेंटर संचालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
स्पा में काम के दौरान गलत काम के लिए दबाव का आरोप
पुलिस को दी शिकायत में दिल्ली की मूल निवासी युवती ने बताया कि वह करीब तीन महीने से 36 सिटी मॉल स्थित एक्वा वेलनेस स्पा सेंटर में काम कर रही थी। उसका आरोप है कि स्पा संचालक अमन सेन और उसके बड़े भाई लोकेश सेन उस पर देह व्यापार के लिए दबाव बनाते थे।
युवती के मुताबिक, उसने इस तरह का काम करने से इनकार किया और नौकरी छोड़ने की बात कही तो उसका वेतन रोक दिया गया। उसने आरोप लगाया कि अमन सेन उसे प्राइवेट केबिन में ले जाकर गलत तरीके से छूता था।
सैलरी मांगने पहुंची तो मारपीट का आरोप
युवती के अनुसार, 22 अगस्त को वह अपनी बकाया सैलरी लेने स्पा सेंटर पहुंची थी। इसके बाद 25 अगस्त की शाम करीब 7 बजे वह दोबारा वहां गई। आरोप है कि इस दौरान लोकेश सेन ने उसके साथ बदसलूकी और छेड़छाड़ की।
युवती ने घटना का वीडियो बनाने की कोशिश की तो उसका मोबाइल छीन लिया गया। आरोप है कि इसके बाद उसके साथ मारपीट की गई और उसका हाथ मरोड़ दिया गया। घटना में हाथ और कंधे पर चोट लगने की बात कही गई है।
CCTV फुटेज हटाने और धमकी देने का भी आरोप
पीड़िता ने आरोप लगाया कि घटना के सबूत मिटाने के लिए स्पा सेंटर में लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग डिलीट कर दी गई। उसका यह भी दावा है कि आरोपियों ने अपनी पहुंच और प्रभाव का हवाला देते हुए उसे डराने की कोशिश की।
युवती के मुताबिक, बाद में अमन सेन ने फोन पर भी गाली-गलौज की और पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी।
पहले भी विवादों में रहा है स्पा सेंटर
बताया जा रहा है कि स्पा सेंटर संचालक अमन सेन पहले भी एक विवाद को लेकर चर्चा में रहा है। उसने पूर्व एडिशनल एसपी सिटी राजेंद्र जायसवाल पर काम करने के बदले पैसे मांगने का आरोप लगाया था।
उसने दोनों के बीच हुई कथित बातचीत का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया था। इसके बाद डिप्टी सीएम विजय शर्मा के निर्देश पर एसपी को निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए गए थे।
फिलहाल युवती की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। आरोपों की पुष्टि जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर होगी।