Meta Pixel

राखी पर रामदेव ने कंगना को भेजी मिठाई और गिफ्ट, विवाद खत्म करने की अपील; कंगना बोलीं- त्योहार पर भूल-चूक माफ

Spread the love

रक्षाबंधन के मौके पर योग गुरु बाबा रामदेव ने अभिनेत्री और सांसद कंगना रनोट के लिए मिठाई और उपहार भेजकर रिश्तों में आई तल्खी कम करने की पहल की। रामदेव ने एक लिफाफे में 500 रुपये के नोटों की गड्डी भी भेजी। उन्होंने कहा कि रिश्तों में प्रेम और मिठास बनी रहनी चाहिए और पुराने मतभेदों को पीछे छोड़कर बातचीत के जरिए आगे बढ़ना चाहिए।

रामदेव ने कहा कि किसी भी वजह से समाज में नफरत या एक-दूसरे के प्रति दुश्मनी की भावना नहीं होनी चाहिए। हाल में उनके और कंगना के बीच बयानबाजी को लेकर चर्चा हुई थी। उन्होंने इस विवाद को बातचीत के जरिए खत्म करने की बात कही और बताया कि वह कंगना को फोन कर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं भी देंगे।

कंगना ने स्वीकार किया रामदेव का स्नेह

रामदेव के वीडियो को कंगना रनोट ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर किया। उन्होंने लिखा कि त्योहार ऐसे अवसर होते हैं, जब पुरानी गलतियों और गिले-शिकवों को भुला दिया जाता है।

कंगना ने रामदेव की बात का समर्थन करते हुए कहा कि विवाद की जगह संवाद होना चाहिए। उन्होंने रामदेव की भेजी मिठाई और बड़े भाई के स्नेह को स्वीकार करने की बात कही और उन्हें धन्यवाद देते हुए लंबी उम्र की शुभकामना दी।

जेन-Z को लेकर रामदेव ने की थी कंगना की आलोचना

इससे पहले कंगना रनोट ने जेन-Z प्रदर्शनकारियों को लेकर ‘गटरछाप’ टिप्पणी की थी। इसी मुद्दे पर टीवी9 भारतवर्ष से बातचीत में बाबा रामदेव ने कंगना के बयान पर आपत्ति जताई थी।

रामदेव ने कंगना की टिप्पणी पर सवाल उठाते हुए उनके पुराने जीवन और अनुभवों का जिक्र किया था। उन्होंने कहा था कि किसी भी देश के युवाओं या जेन-Z को इस तरह के शब्दों से संबोधित करना गलत है और इसे बिगड़ी मानसिकता का संकेत बताया था।

उन्होंने यह भी कहा था कि कंगना की पार्टी के लोगों को इस मामले का संज्ञान लेना चाहिए।

कंगना ने भी किया था पलटवार

रामदेव की टिप्पणी के बाद कंगना रनोट ने भी जवाब दिया था। उन्होंने बाबा रामदेव से उनकी जवानी और निजी जिंदगी को लेकर ‘डे-ड्रीम’ न करने की बात कही थी। दोनों के बीच हुई इस बयानबाजी ने उस समय काफी सुर्खियां बटोरी थीं।

कृति सेनन के विज्ञापन पर भी बदला कंगना का रुख

इस बीच कंगना रनोट ने अभिनेत्री कृति सेनन के रक्षाबंधन विज्ञापन को लेकर दिए अपने पुराने बयान पर भी सफाई दी है। ‘डीकोड लाइव’ कार्यक्रम में कंगना ने कहा कि कृति को अपनी पसंद के कपड़े पहनने की पूरी आजादी है और उन्हें कोई रोक नहीं रहा।

कंगना ने पहले रक्षाबंधन के मौके पर महिलाओं के कपड़ों को लेकर सवाल उठाते हुए कहा था कि आज महिलाओं के पास कपड़ों के कई विकल्प हैं, ऐसे में भाई को राखी बांधते समय इस तरह की ड्रेस चुनने की जरूरत क्यों पड़ी।

अब अपने ताजा बयान में कंगना ने स्पष्ट किया कि कृति सेनन जो चाहें पहन सकती हैं और इस मामले में किसी को आपत्ति नहीं होनी चाहिए।

कंगना ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर रामदेव का वीडियो शेयर किया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *