नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व टी-20 कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पहली बार कप्तानी से हटाए जाने और टीम से बाहर किए जाने को लेकर खुलकर बात की है। उन्होंने कहा कि करीब डेढ़ महीने तक वह इस बारे में सोचते रहे कि आखिर ऐसा कैसे हो गया।
पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा के यूट्यूब चैनल पर बातचीत के दौरान सूर्यकुमार ने बताया कि उन्हें उम्मीद थी कि वह 2028 लॉस एंजिल्स ओलिंपिक और अगले टी-20 वर्ल्ड कप तक भारतीय टीम की कमान संभालेंगे।
2026 टी-20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद अजित अगरकर की अध्यक्षता वाली चयन समिति ने सूर्यकुमार को कप्तानी से हटा दिया। इसके बाद श्रेयस अय्यर को नया कप्तान बनाया गया। सूर्यकुमार को आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ टीम में भी जगह नहीं मिली। चयनकर्ताओं ने उनके खराब फॉर्म को टीम से बाहर रखने की प्रमुख वजह बताया था।
खुद को सिलेक्टर्स की जगह रखकर स्थिति समझी
सूर्यकुमार ने कहा कि टीम से बाहर होने के बाद उन्होंने मामले को समझने के लिए खुद को चयनकर्ताओं की जगह रखकर देखने की कोशिश की। वह यह जानना चाहते थे कि चयनकर्ता भविष्य को ध्यान में रखते हुए उनसे आगे बढ़ने का फैसला क्यों ले रहे हैं।
उन्होंने बताया कि जब टीम में अपना नाम नहीं देखा तो उन्होंने खुद को शांत रखा। मैच के दौरान दबाव की परिस्थितियों में भी उन्होंने भावनाओं पर नियंत्रण रखने की कोशिश की। सूर्यकुमार ने मिले अवसरों और भारतीय टीम के लिए खेलने का मौका मिलने पर आभार भी जताया।
टीम घोषित होने से तीन दिन पहले मिला था फोन
सूर्यकुमार के मुताबिक, टीम की घोषणा से करीब तीन दिन पहले चयन समिति ने उनसे फोन पर बात की थी। उन्हें बताया गया कि इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज के लिए टीम में उनका नाम नहीं होगा और अब आगे बढ़ने का समय आ गया है।
सूर्यकुमार ने कहा कि उन्होंने इस फैसले पर कोई नकारात्मक प्रतिक्रिया नहीं दी, क्योंकि उनके मुताबिक इसमें उनकी कोई गलती नहीं थी। उन्होंने चयनकर्ताओं से कहा कि अगर यह फैसला टीम के हित में लिया गया है तो उन्हें इससे कोई परेशानी नहीं है।
सूर्या ने यह भी कहा कि वह खेलते रहेंगे और जब चयनकर्ताओं को लगेगा कि उन्हें वापस बुलाने का सही समय है, तब वह उपलब्ध रहेंगे।
वर्ल्ड कप जिताने के बाद भी टीम से बाहर हुए
सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारत ने इसी साल 8 मार्च को टी-20 वर्ल्ड कप का खिताब जीता था। भारत ने अपने पिछले खिताब का सफलतापूर्वक बचाव किया और लगातार दो टी-20 वर्ल्ड कप जीतने वाली पहली टीम बनी।
सूर्यकुमार की कप्तानी में भारत ने कुल 52 टी-20 मैच खेले। इनमें टीम ने 42 मुकाबले जीते, 8 में हार मिली, जबकि 2 मैच बेनतीजा रहे। उनका कप्तानी में जीत प्रतिशत 80.76% रहा।
उनकी कप्तानी में भारत ने 2026 टी-20 वर्ल्ड कप और 2025 एशिया कप भी जीता।
रोहित शर्मा के बाद मिली थी कप्तानी
2024 टी-20 वर्ल्ड कप में भारत को चैंपियन बनाने के बाद रोहित शर्मा ने टी-20 इंटरनेशनल से संन्यास ले लिया था। इसके बाद भारतीय टीम की टी-20 कप्तानी सूर्यकुमार यादव को सौंपी गई।
सूर्या ने अपनी कप्तानी के दौरान टीम को लगातार कई महत्वपूर्ण जीत दिलाईं और टी-20 फॉर्मेट में भारत के सफल कप्तानों में अपनी जगह बनाई।
टी-20 इंटरनेशनल में 4 शतक
सूर्यकुमार यादव ने अब तक 113 टी-20 मैचों में 3272 रन बनाए हैं। उनका बल्लेबाजी औसत 36.35 और स्ट्राइक रेट 162.94 रहा है।
उनके नाम टी-20 इंटरनेशनल में 4 शतक और 25 अर्धशतक दर्ज हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 117 रन है। इसके अलावा उन्होंने 297 चौके, 179 छक्के और 58 कैच भी लिए हैं।