Meta Pixel

नगरी में खाद-कीटनाशी विक्रेताओं पर कार्रवाई, 8 कृषि केंद्रों की बिक्री 15 दिन के लिए बंद

Spread the love

नगरी। किसानों से खाद और कृषि दवाएं निर्धारित कीमत से ज्यादा दाम पर बेचने की शिकायतों के बाद कृषि विभाग ने नगरी विकासखंड में कार्रवाई की है। उर्वरक और कीटनाशी बिक्री में नियमों की अनदेखी मिलने पर कुल 8 कृषि विक्रय केंद्रों पर 15 दिनों के लिए बिक्री प्रतिबंध लगाया गया है।

₹266 की यूरिया ₹500 से ₹800 में बेचने की शिकायत

बेलरगांव क्षेत्र में किसानों ने निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर यूरिया बेचे जाने की शिकायत की थी। शिकायत के मुताबिक ₹266 कीमत वाली यूरिया को ₹500 से ₹800 तक में बेचने की बात सामने आई।

शिकायत मिलने के बाद कृषि विभाग की टीम ने संबंधित प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। घुरावड़ स्थित के.के. कृषि केंद्र और माधुरी बीज भंडार की जांच में उर्वरक बिक्री से जुड़ी अनियमितताएं पाए जाने की बात सामने आई।

जांच के आधार पर दोनों दुकानों में अगले 15 दिनों तक उर्वरक बिक्री पर रोक लगाई गई है। साथ ही संचालकों को नोटिस जारी कर अनियमितताओं के संबंध में जवाब मांगा गया है।

कीटनाशी दुकानों पर भी गिरी गाज

उर्वरक के अलावा कीटनाशी विक्रय केंद्रों का भी निरीक्षण किया गया। विभाग के अनुसार नगरी विकासखंड की 6 दुकानों को पहले नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया था, लेकिन निर्धारित अवधि में जवाब नहीं मिलने के बाद इनके खिलाफ कार्रवाई की गई।

कार्रवाई की जद में महेन्द्र कृषि केंद्र, देवांगन ट्रेडर्स, महामाया ट्रेडर्स, बालाजी राघव कृषि केंद्र, एस.एस. कृषि और रघुपति कृषि केंद्र शामिल हैं। इन सभी प्रतिष्ठानों पर 15 दिनों तक कीटनाशी बेचने पर रोक लगाई गई है।

ओवररेटिंग और बिना बिल बिक्री पर सख्ती

कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसानों से निर्धारित दर से ज्यादा कीमत वसूलना, बिना बिल कृषि सामग्री बेचना, नियमों के विपरीत भंडारण करना और अमानक उत्पादों की बिक्री करना गंभीर अनियमितता के दायरे में आता है।

विभाग ने संकेत दिया है कि जांच के दौरान गंभीर गड़बड़ी मिलने पर संबंधित विक्रेताओं के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई की जा सकती है। जरूरत पड़ने पर लाइसेंस निलंबित या निरस्त करने की कार्रवाई भी संभव है।

आगे भी जारी रहेगी दुकानों की जांच

कृषि विभाग के मुताबिक जिले में खाद और कीटनाशी विक्रय केंद्रों की निगरानी आगे भी जारी रहेगी। किसानों को निर्धारित कीमत पर गुणवत्तापूर्ण कृषि सामग्री उपलब्ध कराने के लिए नियमों का उल्लंघन करने वाले विक्रेताओं पर कार्रवाई की जाएगी।

नगरी में हुई कार्रवाई के बाद कृषि सामग्री विक्रेताओं के बीच भी हड़कंप की स्थिति है।

किसानों से बिल लेने की अपील

कृषि विभाग ने किसानों से कृषि सामग्री खरीदते समय पक्का बिल जरूर लेने की अपील की है। साथ ही खाद या कीटनाशी के पैकेट पर दर्ज बैच नंबर, निर्माण तिथि, एक्सपायरी डेट और निर्धारित अधिकतम खुदरा मूल्य (MRP) की जांच करने की सलाह दी गई है।

यदि किसी दुकान पर निर्धारित कीमत से ज्यादा राशि मांगी जाती है या बिना बिल सामग्री बेचने की कोशिश की जाती है, तो किसान इसकी शिकायत संबंधित विभाग तक पहुंचा सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *