जशपुर। छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव का शनिवार को जशपुर के आगडीह हवाई अड्डे पर आत्मीय स्वागत किया गया। जशपुर पहुंचने के बाद उन्होंने पुरानी टोली स्थित कम्युनिटी हॉल में ‘चेकमेट एट जशपुर–अखिल भारतीय ओपन फिडे रेटेड शतरंज प्रतियोगिता 2026’ का शुभारंभ किया।
29 अगस्त से 1 सितंबर तक आयोजित होने वाली इस चार दिवसीय प्रतियोगिता में देश के 12 राज्यों से 175 से अधिक खिलाड़ी और कोच हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के लिए कुल ढाई लाख रुपये की पुरस्कार राशि रखी गई है। प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
शतरंज से सीख मिलती है धैर्य और बेहतर निर्णय की
उन्होंने कहा कि शतरंज केवल मनोरंजन का खेल नहीं, बल्कि यह धैर्य, एकाग्रता, अनुशासन और बेहतर निर्णय लेने की क्षमता विकसित करता है। उन्होंने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं से प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है और जशपुर जैसे क्षेत्रों में खेल गतिविधियों को नई पहचान मिलती है।
जशपुर को करीब 93 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात
शतरंज प्रतियोगिता के शुभारंभ के बाद आयोजित कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने जशपुर जिले के लिए करीब 93 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी। इसमें 86.99 करोड़ रुपये की अमृत मिशन जल प्रदाय योजना और करीब 7 करोड़ रुपये के गंदे पानी के शुद्धिकरण से जुड़े कार्य शामिल हैं। इसके अलावा जशपुर नगर के विकास के लिए करीब 4.68 करोड़ रुपये के विभिन्न विकास कार्यों की घोषणा की गई।
तालाब और सामुदायिक भवनों के जीर्णोद्धार को भी मिलेगी गति
जशपुर शहर में रानी सती तालाब, हाईटेक बस स्टैंड और वशिष्ठ कम्युनिटी हॉल के जीर्णोद्धार समेत अन्य विकास कार्यों के लिए भी राशि स्वीकृत करने की बात कही गई। इन परियोजनाओं से शहर के बुनियादी ढांचे और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने की उम्मीद है। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि जशपुर के विकास में धन की कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार क्षेत्र के विकास और नागरिक सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है।