सूरजपुर – नगर पालिका परिषद की बैठक पिछले तीन महीने से अधिक समय से नहीं होने को लेकर भाजपा पार्षद दल ने नाराजगी जताई है। पार्षदों का आरोप है कि, परिषद की बैठक नहीं होने के कारण शहर के विकास और जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव लंबित पड़े हैं, जिससे विकास कार्यों की रफ्तार प्रभावित हो रही है। इस मामले को लेकर भाजपा पार्षद दल ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर जल्द परिषद की बैठक बुलाए जाने की मांग की है।
बैठक नहीं होने से नजूल से दुकानों की नीलामी तक कई प्रस्ताव लंबित
नगर पालिका उपाध्यक्ष शैलेश अग्रवाल ने कहा कि, नई परिषद के गठन के समय समय-समय पर परिषद की बैठक आयोजित कर शहर के विकास से जुड़े मुद्दों पर निर्णय लेने की बात कही गई थी। बावजूद इसके तीन महीने से अधिक समय बीत जाने के बाद भी परिषद की बैठक नहीं बुलाई गई है। उन्होंने कहा कि, परिषद की बैठक नहीं होने से नजूल भूमि के नवीनीकरण, शहर विकास, आदर्श नगर पालिका के कार्य, तालाब सौंदर्यीकरण, चौपाटी व्यवस्था और दुकानों की नीलामी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर निर्णय अटके हुए हैं।
लंबित कार्यों पर जल्द निर्णय की मांग
भाजपा पार्षद दल द्वारा कलेक्टर को सौंपे गए ज्ञापन में मांग की गई है कि, आगामी परिषद की बैठक में शहर के विकास और जनहित से जुड़े इन सभी प्रस्तावों को शामिल किया जाए, ताकि लंबित कार्यों पर आवश्यक निर्णय लिए जा सकें।
सड़क-नालियों की बदहाली के बीच विकास के फैसले लंबित
उपाध्यक्ष शैलेश अग्रवाल ने कहा कि, शहर में सड़कों और नालियों की समस्याओं के साथ ही कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बनी हुई है। ऐसे में परिषद की बैठक नहीं होने से इन समस्याओं के निराकरण को लेकर भी प्रभावी निर्णय नहीं हो पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि, शहर के विकास से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के साथ परिषद के समक्ष रखा जाना जरूरी है।
परिषद की बैठक को लेकर अध्यक्ष पर निशाना
उन्होंने परिषद की बैठक नहीं बुलाए जाने को लेकर अध्यक्ष पर सवाल उठाते हुए कहा कि, परिषद की बैठक बुलाना अध्यक्ष का विशेष अधिकार है। ऐसे में बैठक बुलाने से वे क्यों पीछे हट रही हैं, यह समझ से परे है। उन्होंने आरोप लगाया कि, क्या अध्यक्ष की विकास कार्यों को लेकर इच्छा खत्म हो चुकी है या वे आखिर क्या करना चाहती हैं, यह स्पष्ट नहीं है।
विकास के लिए भाजपा पार्षद दल एकजुट
शैलेश अग्रवाल ने कहा कि, भाजपा पार्षद दल दलगत राजनीति से ऊपर उठकर शहर के विकास और जनता के हित में काम करना चाहता है। उन्होंने कहा कि, शहर के विकास से जुड़े जो कार्य रुके हुए हैं, उनमें तेजी लाने के लिए परिषद की बैठक जल्द से जल्द बुलाई जानी चाहिए। भाजपा पार्षद दल ने भी कलेक्टर से यही मांग की है कि, लंबित विकास कार्यों और जनहित के प्रस्तावों पर चर्चा के लिए नगर पालिका परिषद की बैठक शीघ्र आयोजित कराई जाए।