Meta Pixel

Chhattisgarh Weather: 24 घंटे भारी बारिश का अलर्ट, मैनपाट में नदी में बहे युवक-युवती; लड़की बची, युवक का शव मिला

Spread the love

Chhattisgarh Weather: छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर जोर पकड़ रहा है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के लिए प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान जताया है। कई इलाकों में भारी से बेहद भारी बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है।

इसी बीच सरगुजा के पर्यटन स्थल मैनपाट में बड़ा हादसा हो गया। रायपुर से घूमने पहुंचे युवक-युवती बाइक समेत घुनघुट्टा नदी के तेज बहाव में बह गए। युवती को स्थानीय व्यक्ति की मदद से सुरक्षित बचा लिया गया, लेकिन युवक तेज बहाव में बह गया। रविवार सुबह उसका शव घटनास्थल से करीब 3 किलोमीटर दूर नदी किनारे बरामद किया गया।

घटना कमलेश्वरपुर थाना क्षेत्र की बताई जा रही है।

आवाज सुनकर मदद के लिए पहुंचा स्थानीय व्यक्ति

जानकारी के मुताबिक, युवक-युवती बाइक से घुनघुट्टा नदी के पास पहुंचे थे। बारिश के कारण नदी का बहाव काफी तेज था। इसी दौरान दोनों बाइक समेत पानी की तेज धारा में बह गए।

उनकी आवाज सुनकर एक स्थानीय व्यक्ति मौके पर पहुंचा। उसने रस्सी की मदद से युवती को बचाने की कोशिश की। तब तक युवती पानी के तेज बहाव में करीब एक किलोमीटर दूर तक बह चुकी थी।

स्थानीय व्यक्ति ने रस्सी फेंककर युवती को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि, युवक का पता नहीं चल सका।

बाद में तलाश के दौरान रविवार सुबह युवक का शव करीब 3 किलोमीटर दूर नदी किनारे मिला।

कोरबा में उफनते दादर नाले में डूबी स्कॉर्पियो

लगातार बारिश के कारण कोरबा में भी कई जगह जलभराव और तेज बहाव की स्थिति बनी हुई है। शहर का दादर नाला उफान पर आ गया।

शनिवार सुबह नाला पार करने के दौरान एक स्कॉर्पियो तेज बहाव में फंसकर पानी में डूब गई। वाहन में सवार तीन दोस्तों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली।

करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद स्कॉर्पियो को भी पानी से बाहर निकाल लिया गया।

सड़क पर बहकर आया डंपिंग का मलबा, कार और बस फंसी

कोरबा के कनकी-सर्वमंगला मुख्य मार्ग पर भी बारिश के कारण हालात बिगड़ गए। एसईसीएल कुसमुंडा की डंपिंग का मलबा बहकर सड़क पर आ गया।

मलबे के कारण सड़क पूरी तरह मिट्टी और कीचड़ से भर गई। इसी दौरान एक कार और यात्री बस मलबे में फंस गई।

कार लगभग पूरी तरह मिट्टी में दब गई, जबकि बस के पहिए मलबे में फंस गए। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

कई इलाकों में घरों में घुसा पानी

भारी बारिश के चलते कोरबा के कई रिहायशी इलाकों में भी जलभराव की स्थिति बनी हुई है। अमरैया पारा में लोगों के घरों और किचन तक गंदा पानी पहुंच गया।

वहीं शारदा विहार अटल आवास में 12 से ज्यादा घरों में पानी भरने की जानकारी सामने आई है। चिमनी भट्ठा सहित आसपास के इलाकों में भी बारिश का असर देखने को मिला।

मॉडमसिल्ली बांध का ऑटोमेटिक गेट खुला

धमतरी में लगातार बारिश के बीच मॉडमसिल्ली बांध का ऑटोमेटिक साइफन गेट खुल गया है। इसे एशिया के पहले ऑटोमेटिक साइफन बांध के रूप में जाना जाता है।

लगातार बारिश के चलते बांध का जलस्तर 98.82% तक पहुंच गया। बांध में 100% जलभराव होने पर इसके गेट स्वचालित रूप से खुलने की व्यवस्था है।

जलस्तर बढ़ने को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है।

रायपुर में दिनभर बारिश, आज भी छाए रहेंगे बादल

राजधानी रायपुर में रविवार को दिनभर बारिश होती रही और रात में भी बारिश का सिलसिला जारी रहा। सोमवार सुबह भी शहर के कई हिस्सों में रुक-रुककर बारिश देखने को मिली।

मौसम विभाग के अनुसार, रायपुर में सोमवार को अधिकतम तापमान करीब 24°C और न्यूनतम तापमान करीब 22°C रहने की संभावना है।

बिलासपुर सबसे गर्म, जगदलपुर सबसे ठंडा

पिछले 24 घंटे के मौसम की बात करें तो बिलासपुर में 28.6°C अधिकतम तापमान दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे ज्यादा रहा।

वहीं जगदलपुर में 21.4°C न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया, जो इस अवधि में प्रदेश का सबसे कम तापमान रहा।

अगले दो दिन भी बारिश से राहत के आसार कम

मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान जताया है।

कुछ स्थानों पर भारी बारिश के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना भी बनी हुई है।

प्रशासन ने लोगों को सलाह दी है कि बारिश के दौरान नदी, नाले, बांध और अन्य जलस्रोतों के पास जाने से बचें। तेज बहाव वाली सड़कों या पुल-पुलियों को पार करने की कोशिश न करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *