बॉलीवुड अभिनेता वरुण धवन इन दिनों फिल्मों की शूटिंग से ब्रेक लेकर पत्नी नताशा दलाल और बेटी लारा के साथ सिंगापुर में छुट्टियां बिता रहे हैं। अभिनेता ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर फैमिली वेकेशन की कुछ तस्वीरें शेयर की हैं, जिनमें परिवार के साथ बिताए खूबसूरत पलों की झलक देखने को मिल रही है।
वरुण और नताशा अपनी बेटी को मीडिया की नजरों से दूर रखते हैं। दोनों ने अब तक लारा का चेहरा सार्वजनिक रूप से रिवील नहीं किया है। हालांकि, सिंगापुर ट्रिप की ताजा तस्वीरों में लारा की मौजूदगी जरूर दिखाई दी है।
परिवार के साथ मैडम तुसाद पहुंचे वरुण
वरुण धवन ने इंस्टाग्राम पर सिंगापुर ट्रिप की कई तस्वीरें पोस्ट की हैं। इन तस्वीरों में वह पत्नी नताशा और बेटी लारा के साथ नजर आ रहे हैं।
फैमिली ट्रिप के दौरान तीनों मैडम तुसाद म्यूजियम भी पहुंचे। यहां वरुण ने अपनी बेटी और पत्नी को अपनी ही वैक्स स्टैच्यू दिखाई।
एक तस्वीर में लारा अपने पिता की वैक्स प्रतिमा को उत्सुकता से देखती नजर आ रही हैं। दूसरी तस्वीर में वरुण बेटी को गोद में लिए दिखाई दे रहे हैं। इसके अलावा परिवार ने समुद्र किनारे भी साथ में क्वालिटी टाइम बिताया।
तस्वीरों में फिर नहीं दिखाया बेटी का चेहरा
वरुण धवन और नताशा दलाल अपनी बेटी की प्राइवेसी को लेकर काफी सतर्क रहते हैं। लारा के जन्म के बाद से ही दोनों ने कोशिश की है कि उनकी बेटी मीडिया की लाइमलाइट से दूर रहे।
वरुण जब भी बेटी के साथ कोई तस्वीर सोशल मीडिया पर शेयर करते हैं, तो उसका चेहरा छिपाकर रखते हैं। इस बार भी उन्होंने लारा का चेहरा पूरी तरह रिवील नहीं किया।
वरुण और नताशा ने साल 2021 में शादी की थी। फरवरी 2024 में दोनों ने बेटी के माता-पिता बनने की जानकारी फैंस के साथ शेयर की थी।
YRF की हॉरर फिल्म में नजर आ सकते हैं वरुण
वर्कफ्रंट की बात करें तो वरुण धवन के खाते में एक बड़ा प्रोजेक्ट आने की चर्चा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अभिनेता यशराज फिल्म्स (YRF) की पहली हॉरर फिल्म में लीड रोल निभा सकते हैं।
बताया जा रहा है कि इस अभी तक अनटाइटल्ड फिल्म का निर्देशन ‘रॉकेट बॉयज’ फेम अभय पन्नू कर सकते हैं। फिल्म की शूटिंग इसी साल शुरू होने की संभावना जताई जा रही है, जबकि इसे 2027 में सिनेमाघरों में रिलीज करने की योजना बताई गई है।
हालांकि, फिल्म की कास्ट और रिलीज को लेकर अभी मेकर्स की ओर से आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।