Duleep Trophy 2026: दलीप ट्रॉफी के सेमीफाइनल मुकाबले में ईस्ट जोन के उपकप्तान वैभव सूर्यवंशी ने दूसरी पारी में 40 रन की अहम पारी खेली। उन्होंने सेंट्रल जोन के खिलाफ 3 चौके और 2 छक्के लगाए, लेकिन अपनी पारी को बड़ी पारी में तब्दील नहीं कर सके।
सेंट्रल जोन की दूसरी पारी 158 रन पर समाप्त हो गई। इस तरह ईस्ट जोन को मुकाबला जीतने के लिए 159 रन का लक्ष्य मिला। लक्ष्य का पीछा करते हुए ईस्ट जोन ने 27 ओवर में 3 विकेट खोकर 94 रन बना लिए हैं। कुमार कुशाग्र 16 और कप्तान ईशान किशन 1 रन पर क्रीज पर हैं।
सूर्यवंशी ने पहली पारी में भी शानदार बल्लेबाजी करते हुए 92 रन बनाए थे। इस तरह उन्होंने मैच में अब तक कुल 132 रन बनाए हैं।
सेंट्रल जोन की शुरुआत रही खराब
दूसरी पारी में सेंट्रल जोन के बल्लेबाज शुरुआत से ही दबाव में नजर आए। टीम ने महज 37 रन के स्कोर तक अपने तीन विकेट गंवा दिए थे।
कप्तान रजत पाटीदार सिर्फ 5 रन बना सके, जबकि रिंकू सिंह की पारी 20 रन पर खत्म हुई। इसके बाद भी विकेट गिरते रहे और 95 रन तक सेंट्रल जोन के सात बल्लेबाज पवेलियन लौट चुके थे।
ऐसे मुश्किल समय में अरशद खान ने निचले क्रम के बल्लेबाजों के साथ मिलकर टीम को 150 रन के पार पहुंचाया, लेकिन पूरी टीम 158 रन पर ऑलआउट हो गई।
अमन मोखाड़े 41 रन के साथ सेंट्रल जोन के सबसे सफल बल्लेबाज रहे। अरशद खान ने 25 और हर्ष दुबे ने 24 रन बनाए।
मुकेश कुमार ने झटके 4 विकेट
ईस्ट जोन के गेंदबाजों ने सेंट्रल जोन पर शिकंजा कसने में अहम भूमिका निभाई। मुकेश कुमार सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 12 ओवर में 44 रन देकर 4 विकेट अपने नाम किए।
मोहम्मद शमी ने 3 बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा, जबकि अभिजीत सरकार, अनुकूल रॉय और क़ुनैन कुरैशी को एक-एक सफलता मिली।
मुकेश कुमार ने पहली पारी में भी 3 विकेट लिए थे। यानी मैच में अब तक वह कुल 7 विकेट हासिल कर चुके हैं।
मोहम्मद शमी ने पूरा किया 900 विकेट का आंकड़ा
सेमीफाइनल मुकाबले में अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने भी बड़ी उपलब्धि हासिल की। सेंट्रल जोन के खिलाफ तीन विकेट लेते ही उनके प्रोफेशनल क्रिकेट में 900 विकेट पूरे हो गए।
शमी यह आंकड़ा छूने वाले सिर्फ छठे भारतीय गेंदबाज बने हैं। उन्होंने 36 साल की उम्र में यह खास उपलब्धि हासिल की।
पहली पारी में सूर्यवंशी का बल्ला चला
दोनों टीमों की पहली पारी 266-266 रन पर समाप्त हुई थी। ईस्ट जोन की ओर से वैभव सूर्यवंशी ने 92 रन की बेहतरीन पारी खेली, जबकि अभिमन्यु ईश्वरन ने 69 रन बनाए।
दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 161 रन की साझेदारी की। हालांकि, इसके बाद ईस्ट जोन की पारी लड़खड़ा गई और टीम ने अगले 104 रन के भीतर अपने सभी विकेट गंवा दिए।
सेंट्रल जोन के लिए हर्ष दुबे ने 4 विकेट लिए, जबकि आर्यन पांडे और यश ठाकुर को 3-3 सफलताएं मिलीं।
दूसरे सेमीफाइनल में साउथ जोन ने बनाए 312 रन
दलीप ट्रॉफी के दूसरे सेमीफाइनल में साउथ जोन और नॉर्थ जोन के बीच मुकाबला चल रहा है। साउथ जोन ने अपनी पहली पारी में 312 रन बनाए।
कप्तान तिलक वर्मा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 116 रन की नाबाद पारी खेली। उन्होंने 250 गेंदों का सामना किया और 9 चौके लगाए।
श्रेयस गोपाल ने 87 रन और नारायण जगदीशन ने 36 रन का योगदान दिया।
तिलक वर्मा और गोपाल की बड़ी साझेदारी
साउथ जोन की शुरुआत बेहद खराब रही। रितिक भुई 5 रन और शेख रशीद बिना खाता खोले आउट हो गए। इसके बाद जगदीशन और तिलक वर्मा ने पारी को संभाला।
जगदीशन के आउट होने के बाद तिलक ने श्रेयस गोपाल के साथ मिलकर मोर्चा संभाला। दोनों ने छठे विकेट के लिए 176 रन की शानदार साझेदारी की।
गोपाल 87 रन बनाकर आउट हुए और इसके बाद साउथ जोन के विकेट तेजी से गिरते चले गए। टीम 100.3 ओवर में 312 रन पर ऑलआउट हो गई।
गुरनूर बरार ने लिए 4 विकेट
नॉर्थ जोन की ओर से गुरनूर बरार सबसे प्रभावी गेंदबाज रहे। उन्होंने 23 ओवर में 88 रन देकर 4 विकेट हासिल किए।
अर्शदीप सिंह और अंशुल कंबोज ने 2-2 विकेट लिए, जबकि आबिद मुश्ताक को एक सफलता मिली।
अब ईस्ट जोन की नजर सेंट्रल जोन के खिलाफ बचे हुए 65 रन पूरे कर फाइनल में जगह बनाने पर है।