केशकाल। केशकाल थाना क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने कड़ा रुख अपनाते हुए दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई की है। बलवा, मारपीट और धारदार हथियार से हमले के मामलों में पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मंगलवार 1 सितंबर को आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
नशे में पहुंचे युवकों ने चपरासी को पीटा
पहला मामला टाटामारी मार्ग का है। यहां करीब आठ युवक कथित तौर पर नशे की हालत में पहुंचे और वन विभाग में पदस्थ एक चपरासी के साथ मारपीट कर दी। अचानक हुए हमले में चपरासी को गंभीर चोटें आईं।
घटना की सूचना मिलते ही केशकाल पुलिस मौके पर पहुंची और मामले में शामिल युवकों को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की।
जीजा पर हमला करने पहुंचा आरोपी, साथ लाया था धारदार हथियार
दूसरा मामला भी गंभीर बताया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक चारामा निवासी इमामुद्दीन खान अपने जीजा पर हमला करने के इरादे से उसके घर पहुंचा था। आरोप है कि वह अपने साथ करीब चार धारदार हथियार लेकर आया था और उसने जीजा पर जानलेवा हमला किया।
पुलिस के अनुसार इमामुद्दीन पहले भी हत्या के एक मामले में जेल जा चुका है। उसके खिलाफ आपराधिक रिकॉर्ड होने की भी जानकारी सामने आई है। घटना की सूचना के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
थाने से बस स्टैंड तक पैदल ले गई पुलिस
दोनों मामलों में पुलिस ने तेजी दिखाते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई पूरी की। मंगलवार को पुलिस सभी आरोपियों को थाना परिसर से बस स्टैंड तक पैदल लेकर गई, जिसके बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया।
अदालत ने सुनवाई के बाद सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
एसडीओपी ने कहा- अपराधियों पर जारी रहेगा सख्त एक्शन
केशकाल एसडीओपी अरुण नेताम ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पूरे मामले की जानकारी दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोंडागांव पुलिस जिले में आपराधिक गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं करेगी।
एसडीओपी ने कहा कि असामाजिक तत्वों और अपराध में शामिल लोगों के खिलाफ पुलिस की सख्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।