रायपुर: उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन बुधवार को विशेष विमान से रायपुर पहुंचे। एयरपोर्ट पर राज्यपाल रमेन डेका, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, प्रदेश सरकार के मंत्रियों और जनप्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया। रायपुर पहुंचने के बाद उपराष्ट्रपति सीधे AIIMS रायपुर के लिए रवाना हुए।
सीपी राधाकृष्णन AIIMS रायपुर के तीसरे दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगे। कार्यक्रम में संस्थान के विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी और शैक्षणिक उपलब्धियों से जुड़े कार्यक्रम भी होंगे।
10:45 बजे AIIMS पहुंचने का कार्यक्रम
निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक उपराष्ट्रपति करीब 10:45 बजे AIIMS रायपुर परिसर पहुंचेंगे। इसके बाद सुबह 11 बजे से दीक्षांत समारोह शुरू होगा।
कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल, AIIMS अध्यक्ष प्रो. डॉ. संजीव हांडा, AIIMS गुवाहाटी के प्रो. अशोक पुरानिक, AIIMS भोपाल के कार्यकारी निदेशक लेफ्टिनेंट जनरल नरेंद्र कोतवाल और केंद्र के PMSSY डायरेक्टर सचिन कुमार समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे।
राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल भी समारोह में शामिल होंगे।
दोपहर बाद दिल्ली लौटेंगे उपराष्ट्रपति
दीक्षांत समारोह पूरा होने के बाद उपराष्ट्रपति करीब 12:30 बजे AIIMS से रायपुर एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे। इसके बाद लगभग 1:30 बजे विशेष विमान से दिल्ली के लिए प्रस्थान करने का कार्यक्रम है।
उनके दौरे को देखते हुए प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने एयरपोर्ट से लेकर AIIMS तक सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं।
सरोना से टाटीबंध तक सुरक्षा बढ़ाई गई
VIP मूवमेंट के मद्देनजर सरोना रिंग रोड से टाटीबंध चौक तक सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। रिंग रोड नंबर-1 पर बैरिकेडिंग की गई है।
उपराष्ट्रपति के काफिले की आवाजाही को देखते हुए कुछ स्थानों पर यातायात और प्रवेश व्यवस्था में भी बदलाव किया गया है। लोगों से इस दौरान वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने और यातायात व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की गई है।
AIIMS में मरीजों के प्रवेश की व्यवस्था बदली
VIP दौरे के कारण 2 सितंबर को AIIMS रायपुर में आम नागरिकों के लिए कुछ प्रवेश द्वार बंद रखे गए हैं। हालांकि मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए OPD और इमरजेंसी सेवाओं के लिए अलग-अलग प्रवेश व्यवस्था की गई है।
- गेट नंबर-1: OPD मरीजों और उनके परिजनों के लिए प्रवेश की सुविधा।
- गेट नंबर-3: OPD के लिए आवाजाही जारी रहेगी।
- गेट नंबर-2: ट्रॉमा और इमरजेंसी सेवाओं के लिए पहले की तरह खुला रहेगा।
- गेट नंबर-4: रजिस्ट्रेशन काउंटर तक जाने वाला यह गेट सुबह से बंद रहेगा।
- गेट नंबर-5: आम लोगों के लिए बंद रखा जाएगा।
गेट नंबर-1 पर पार्किंग की व्यवस्था होने के कारण OPD रजिस्ट्रेशन तक पहुंचने वाले मरीजों और उनके परिजनों को कुछ दूरी पैदल तय करनी पड़ सकती है।
मरीजों से सहयोग की अपील
AIIMS प्रशासन ने मरीजों और उनके परिजनों से VIP दौरे के दौरान निर्धारित प्रवेश मार्गों का इस्तेमाल करने की अपील की है। खासतौर पर OPD और इमरजेंसी में आने वाले लोगों को अस्पताल पहुंचने से पहले बदली हुई प्रवेश व्यवस्था का ध्यान रखने की सलाह दी गई है।