China Masters 2026: भारत के अनुभवी बैडमिंटन खिलाड़ी किदांबी श्रीकांत ने चाइना मास्टर्स सुपर 750 टूर्नामेंट में शानदार जीत दर्ज करते हुए पुरुष एकल के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। पूर्व वर्ल्ड नंबर-1 श्रीकांत ने कनाडा के विक्टर लाई को सीधे गेम में शिकस्त दी।
श्रीकांत ने दूसरे दौर के मुकाबले में विक्टर लाई को 21-18, 21-19 से हराया। खास बात यह रही कि लाई इस समय विश्व रैंकिंग में नौवें स्थान पर हैं और पिछले महीने नई दिल्ली में अपना दूसरा विश्व चैंपियनशिप कांस्य पदक जीत चुके हैं।
श्रीकांत का अगला मुकाबला अब हांगकांग के ली च्यूक यू से होगा।
पहले गेम में पिछड़ने के बाद श्रीकांत ने की जोरदार वापसी
मुकाबले की शुरुआत भारतीय खिलाड़ी के लिए आसान नहीं रही। श्रीकांत शुरुआती दौर में 3-7 से पीछे चल रहे थे। हालांकि उन्होंने धैर्य बनाए रखा और विक्टर लाई की गलतियों का फायदा उठाते हुए स्कोर 8-8 से बराबर कर दिया।
इसके बाद कनाडाई खिलाड़ी ने इंटरवल तक दो अंकों की बढ़त बना ली। लाई ने आगे बढ़ते हुए स्कोर 15-11 कर दिया, लेकिन श्रीकांत ने एक बार फिर शानदार वापसी की और 15-15 से बराबरी हासिल कर ली।
भारतीय खिलाड़ी ने इसके बाद एक बेहतरीन क्रॉस-कोर्ट स्मैश लगाकर 18-16 की बढ़त बना ली। श्रीकांत को आगे चलकर तीन गेम प्वाइंट मिले और उन्होंने दूसरे गेम प्वाइंट का फायदा उठाते हुए पहला गेम 21-18 से अपने नाम कर लिया।
दूसरे गेम में भी नहीं छोड़ा मुकाबला
दूसरे गेम की शुरुआत में श्रीकांत कुछ गलतियां कर बैठे और उन्हें 5-9 से पिछड़ना पड़ा। इसके बावजूद उन्होंने आक्रामक खेल जारी रखा।
एक समय श्रीकांत 9-14 से पीछे थे, लेकिन उन्होंने लगातार दो शानदार शॉट लगाए और लाई की गलतियों का फायदा उठाकर अंतर घटाते हुए स्कोर 13-14 कर दिया।
मुकाबला बेहद रोमांचक हो गया और दोनों खिलाड़ी 18-18 की बराबरी पर पहुंच गए। इसके बाद लाई का शॉट बाहर चला गया। श्रीकांत ने अगली रैली में जोरदार शॉट लगाकर मैच प्वाइंट हासिल किया और जल्द ही दूसरा गेम 21-19 से जीतकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।
इस साल यूएस ओपन के फाइनल में भी पहुंचे थे श्रीकांत
किदांबी श्रीकांत के लिए यह साल अब तक अच्छा रहा है। वह इस साल यूएस ओपन सुपर 300 के फाइनल तक पहुंचे थे। चीन में मिली यह जीत उनके मौजूदा फॉर्म को दिखाती है।
श्रीकांत पूर्व विश्व नंबर-1 खिलाड़ी हैं और 2021 विश्व चैंपियनशिप के रजत पदक विजेता भी रह चुके हैं।
महिला एकल में तन्वी शर्मा को मिली हार
महिला एकल में भारत को निराशा हाथ लगी। हाल ही में ताइपे ओपन वर्ल्ड टूर सुपर 300 का खिताब जीतने वाली तन्वी शर्मा को दूसरे दौर में हार का सामना करना पड़ा।
विश्व की नौवें नंबर की जापानी खिलाड़ी टोमोका मियाजाकी ने तन्वी को तीन गेम तक चले मुकाबले में 21-17, 18-21, 21-16 से हराया।
मिश्रित युगल में ध्रुव-तनीषा की जोड़ी भी बाहर
मिश्रित युगल में भारत के ध्रुव कपिला और तनीशा क्रास्टो को भी हार का सामना करना पड़ा। चीनी ताइपे की लियू कुआंग हेंग और सू यिन हुई की जोड़ी ने भारतीय जोड़ी को सीधे गेम में 21-18, 21-18 से हराया।
इस हार के साथ ध्रुव कपिला और तनीशा क्रास्टो की जोड़ी भी चाइना मास्टर्स टूर्नामेंट से बाहर हो गई है।