Meta Pixel

ठेका कर्मचारियों के लिए जेएलएन अस्पताल में नए PME केंद्र का शुभारंभ

Spread the love

सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के जवाहरलाल नेहरू अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र (जेएलएनएच एंड आरसी), सेक्टर-9 में ठेका कर्मचारियों के लिए समर्पित नए पीरियोडिक मेडिकल एग्जामिनेशन (PME) केंद्र का शुभारंभ किया गया। अस्पताल के पुराने चेस्ट वार्ड में स्थापित इस केंद्र का उद्देश्य ठेका कर्मचारियों को सुगम एवं गुणवत्तापूर्ण आवधिक चिकित्सा परीक्षण सुविधा उपलब्ध कराना है।

इस सुविधा का उद्घाटन मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं चिकित्सा प्रमुख डॉ. उदय कुमार ने किया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सबिता पंडा, महाप्रबंधक (M&HS) श्री संजय कुमार तथा उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं राष्ट्रीय व्यावसायिक स्वास्थ्य सेवा केंद्र (NOHSC) के प्रभारी डॉ. शील कमल ठाकुर सहित अन्य विभागाध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

शुभारंभ के प्रथम दिन ही केंद्र में 100 ठेका कर्मचारियों का PME सफलतापूर्वक किया गया। आने वाले समय में कर्मचारियों की आवश्यकता के अनुरूप केंद्र की क्षमता एवं कार्यप्रणाली का विस्तार किया जाएगा।

पिछले साढ़े तीन वर्षों से ठेका कर्मचारियों का PME बाहरी एजेंसी के माध्यम से कराया जा रहा था। अब यह सुविधा जेएलएन अस्पताल में उपलब्ध होने से अस्पताल के मौजूदा चिकित्सा बुनियादी ढांचे एवं संसाधनों का प्रभावी उपयोग संभव होगा। साथ ही, PME के दौरान किसी स्वास्थ्य समस्या अथवा व्यावसायिक स्वास्थ्य संबंधी जोखिम की पहचान होने पर संबंधित कर्मचारी को अस्पताल में ही विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श एवं आवश्यक उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जा सकेगी।

नियमित कर्मचारियों एवं अधिकारियों के लिए PME की सुविधा पूर्ववत राष्ट्रीय व्यावसायिक स्वास्थ्य सेवा केंद्र (NOHSC) में संचालित होती रहेगी।

यह पहल भिलाई इस्पात संयंत्र के कर्मचारियों को बेहतर एवं सुगम स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *