Heyy Babyy 2: बॉलीवुड के कॉमेडी लवर्स के लिए बड़ी खबर सामने आई है। साल 2007 में रिलीज हुई अक्षय कुमार, विद्या बालन, रितेश देशमुख और फरदीन खान स्टारर फिल्म ‘हे बेबी’ का अब सीक्वल बनने जा रहा है। फिल्म के प्रोड्यूसर साजिद नाडियाडवाला ने ‘हे बेबी 2’ को लेकर आधिकारिक तौर पर बड़ा अपडेट दिया है।
करीब दो दशक बाद इस कॉमेडी फ्रेंचाइजी की वापसी होने जा रही है। खास बात यह है कि सीक्वल की शूटिंग ऑस्ट्रेलिया में की जाएगी। ‘हे बेबी’ के पहले पार्ट के कई महत्वपूर्ण हिस्सों की शूटिंग भी ऑस्ट्रेलिया में हुई थी।
साजिद नाडियाडवाला ने की सीक्वल की पुष्टि
गुरुवार को न्यू साउथ वेल्स के प्रीमियर क्रिस मिन्स ने मुंबई स्थित साजिद नाडियाडवाला के ऑफिस का दौरा किया। इस दौरान भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच फिल्म प्रोडक्शन को लेकर एक महत्वपूर्ण साझेदारी की घोषणा की गई।
इस समझौते के तहत नाडियाडवाला ग्रैंडसन एंटरटेनमेंट अपनी आने वाली तीन फिल्मों की शूटिंग ऑस्ट्रेलिया में करेगा। इनमें सबसे खास नाम ‘हे बेबी 2’ का है।
यानी जिस फिल्म की कहानी और शूटिंग का एक हिस्सा करीब 20 साल पहले ऑस्ट्रेलिया से जुड़ा था, उसी फ्रेंचाइजी का अगला चैप्टर भी इसी देश में शूट किया जाएगा।
अक्षय कुमार समेत पुरानी स्टारकास्ट लौटेगी?
‘हे बेबी 2’ की घोषणा के साथ ही अब फैंस के बीच सबसे बड़ा सवाल इसकी स्टारकास्ट को लेकर है। पहली फिल्म में अक्षय कुमार, विद्या बालन, रितेश देशमुख और फरदीन खान मुख्य भूमिकाओं में नजर आए थे।
हालांकि, सीक्वल में इन कलाकारों की वापसी होगी या नहीं, इसे लेकर मेकर्स ने अभी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है। यह भी स्पष्ट नहीं है कि फिल्म में पुराने किरदारों की कहानी को आगे बढ़ाया जाएगा या बिल्कुल नए किरदारों के साथ नई कहानी पेश की जाएगी।
डायरेक्टर को लेकर भी बना हुआ है सस्पेंस
पहली ‘हे बेबी’ का निर्देशन साजिद खान ने किया था। लेकिन ‘हे बेबी 2’ के डायरेक्टर को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि सीक्वल की कमान पुराने निर्देशक को मिलती है या मेकर्स किसी नए फिल्ममेकर के साथ इस कॉमेडी फ्रेंचाइजी को आगे बढ़ाते हैं।
क्या थी ‘हे बेबी’ की कहानी?
साल 2007 में रिलीज हुई ‘हे बेबी’ की कहानी तीन ऐसे दोस्तों के इर्द-गिर्द घूमती थी, जो अपनी मस्ती भरी जिंदगी में व्यस्त रहते हैं। तीनों की जिंदगी में उस वक्त बड़ा बदलाव आता है, जब उनके पास एक बच्ची आ जाती है।
फिल्म में अक्षय कुमार, रितेश देशमुख और फरदीन खान ने तीन दोस्तों की भूमिका निभाई थी। वहीं विद्या बालन ने अहम किरदार निभाया था। फिल्म में बोमन ईरानी समेत कई अन्य कलाकार भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आए थे।
अब लगभग दो दशक बाद इस लोकप्रिय कॉमेडी फिल्म की अगली कड़ी की घोषणा ने फैंस की पुरानी यादें ताजा कर दी हैं। फिलहाल सबसे ज्यादा उत्सुकता इस बात को लेकर है कि ‘हे बेबी 2’ में कौन-कौन से चेहरे नजर आएंगे और इसकी कहानी पहले पार्ट से किस तरह जुड़ी होगी।