Meta Pixel

नितिन नवीन बोले- मोदी के नेतृत्व में बदली देश की तस्वीर: 25 करोड़ परिवार गरीबी से बाहर आए, अर्थव्यवस्था ने पकड़ी तेज रफ्तार

Spread the love

नई दिल्ली: भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने बुधवार को दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने कहा कि 7 अक्टूबर 2026 को प्रधानमंत्री मोदी सार्वजनिक जीवन में अपने 25 साल पूरे करेंगे। उनकी राजनीतिक सेवा यात्रा 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री बनने के साथ शुरू हुई थी।

नितिन नवीन ने कहा कि जिस समय नरेंद्र मोदी ने देश की कमान संभाली, उस दौरान देश में निराशा का माहौल था। उनके अनुसार, मोदी सरकार के नेतृत्व में युवाओं में नई उम्मीद पैदा हुई और उन्हें निराशा से बाहर निकालने का काम किया गया। उन्होंने दावा किया कि इस अवधि में 25 करोड़ गरीब परिवार गरीबी से बाहर निकले, जबकि भारतीय अर्थव्यवस्था ने भी तेजी से विकास किया।

25 साल की यात्रा को बताया स्पष्ट सोच और संकल्प का परिणाम

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने पिछले 25 वर्षों में ‘जनसेवा से राष्ट्रसेवा’ के सिद्धांत को केंद्र में रखकर काम किया। उन्होंने कहा कि मोदी ने शुरुआत में जो लक्ष्य निर्धारित किए, उन्हें केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं रखा, बल्कि उन्हें संकल्प में बदलकर उपलब्धियों में तब्दील किया।

नितिन नवीन के मुताबिक, नरेंद्र मोदी की यात्रा एक सामान्य भाजपा कार्यकर्ता के रूप में शुरू हुई थी और आज वह देश के ‘प्रधान सेवक’ के रूप में जिम्मेदारी निभा रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री की इस पूरी यात्रा को स्पष्ट विजन, मजबूत इच्छाशक्ति और निरंतर प्रयास का परिणाम बताया।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में नितिन नवीन की 5 प्रमुख बातें

1. 25 करोड़ गरीब परिवार गरीबी से बाहर आने का दावा
नितिन नवीन ने कहा कि 25 करोड़ गरीब परिवारों का गरीबी से बाहर निकलना प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व और विजन की बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने इसे सरकार की नीतियों और प्रधानमंत्री की सोच का परिणाम बताया।

2. देश में निराशा के दौर का जिक्र
उन्होंने कहा कि जब नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री पद संभाला था, तब देश में निराशा और अंधकार का माहौल था। नितिन नवीन ने उस समय को ‘नीतिगत पंगुता’ का दौर बताते हुए कहा कि बाद में परिस्थितियों में बदलाव आया।

3. ‘फ्रैजाइल फाइव’ से तेज बढ़ती अर्थव्यवस्था तक
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि एक समय भारत की अर्थव्यवस्था को ‘फ्रैजाइल फाइव’ में गिना जाता था। उनके मुताबिक, अब भारत दुनिया की सबसे तेजी से आगे बढ़ने वाली अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है।

4. वैश्विक मंच पर भारत की बढ़ी पहचान
नितिन नवीन ने दावा किया कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की स्थिति मजबूत हुई है। उन्होंने कहा कि दुनिया में भारत की विश्वसनीयता और सम्मान बढ़ा है और देश के नागरिक आज सुरक्षा और सम्मान के साथ आगे बढ़ रहे हैं।

5. नक्सलवाद के खिलाफ बड़ी कार्रवाई का दावा
नितिन नवीन ने कहा कि सरकार ने नक्सलवाद को समाप्त करने की दिशा में लगातार काम किया है। उन्होंने दावा किया कि पहले नक्सलवाद से प्रभावित 200 से अधिक जिले अब नक्सलमुक्त होकर सामान्य जनजीवन की ओर बढ़ रहे हैं।

भाजपा अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 साल की सार्वजनिक जीवन की यात्रा को देश के विकास और बदलाव से जोड़ते हुए इसे उनकी स्पष्ट सोच, दूरदृष्टि और मजबूत संकल्प का परिणाम बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *