Meta Pixel

इंडिया-A में हार्दिक पंड्या की वापसी की तैयारी, 5 महीने बाद मैदान पर उतर सकते हैं; गायकवाड़-पडिक्कल को कप्तानी

Spread the love

भारतीय क्रिकेट टीम से बाहर चल रहे हार्दिक पंड्या की मैदान पर वापसी की राह खुल गई है। BCCI ने बुधवार को ऑस्ट्रेलिया-A के खिलाफ होने वाली सीरीज के लिए इंडिया-A टीम का ऐलान कर दिया। हार्दिक को तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए टीम में शामिल किया गया है। हालांकि, उनका मैदान पर उतरना पूरी तरह फिटनेस क्लीयरेंस पर निर्भर रहेगा।

वनडे टीम की कप्तानी ऋतुराज गायकवाड़ को सौंपी गई है, जबकि देवदत्त पडिक्कल मल्टी-डे टेस्ट टीम की अगुआई करेंगे। मल्टी-डे टीम में साई सुदर्शन उपकप्तान होंगे। वहीं पडिक्कल को वनडे टीम का डिप्टी बनाया गया है।

चोट के बाद वापसी की कोशिश में हार्दिक

हार्दिक पंड्या ने अपना पिछला मुकाबला 24 मई को IPL में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ खेला था। इसके बाद चोट के चलते वह BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिहैब और फिटनेस पर काम कर रहे हैं।

भारत के लिए उनका आखिरी मैच 8 मार्च को न्यूजीलैंड के खिलाफ टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल था। उस मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर लगातार दूसरी बार टी-20 वर्ल्ड कप अपने नाम किया था।

हार्दिक का करियर चोटों से भी प्रभावित रहा है। नवंबर 2016 में उन्हें कंधे में हेयरलाइन फ्रैक्चर हुआ था। इसके बाद सितंबर 2018 में एशिया कप के दौरान लोअर-बैक इंजरी की समस्या सामने आई। अक्टूबर 2019 में पुरानी पीठ की समस्या के चलते उन्हें सर्जरी भी करानी पड़ी।

अक्टूबर 2023 में वनडे वर्ल्ड कप के दौरान बांग्लादेश के खिलाफ गेंदबाजी करते समय उनके बाएं टखने में लिगामेंट टियर हो गया था। इस चोट के कारण वह टूर्नामेंट से बाहर हो गए थे।

2026 IPL के दौरान अप्रैल-मई में हार्दिक को बैक स्पैज्म की परेशानी हुई। इसके बाद जून और सितंबर में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में ट्रेनिंग के दौरान क्वाड्रिसेप्स स्ट्रेन और पैर में खिंचाव की समस्या भी सामने आई। यही वजह है कि उनकी इंडिया-A में वापसी को फिटनेस क्लीयरेंस से जोड़ा गया है।

पडिक्कल संभालेंगे मल्टी-डे टीम की कमान

श्रीलंका दौरे पर नंबर-3 पर बल्लेबाजी करते हुए लगातार दो शतक लगाने वाले देवदत्त पडिक्कल को मल्टी-डे टीम की कप्तानी दी गई है। वह इस समय दलीप ट्रॉफी फाइनल में साउथ जोन का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।

साई सुदर्शन को उनका डिप्टी बनाया गया है। टीम में अमन मोक्हाड़े, आयुष पांडे, यश राठौड़ और शेख रशीद जैसे बल्लेबाजों को भी शामिल किया गया है।

विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी कुमार कुशाग्र और एन. जगदीशन के पास होगी। गेंदबाजी विभाग में शम्स मुलानी, तनुष कोटियन, तुषार देशपांडे, अंशुल कंबोज, प्रफुल हिंगे, नचिकेत भुटे और वैशाख को जगह मिली है।

गायकवाड़ को वनडे टीम की कप्तानी

ऑस्ट्रेलिया-A के खिलाफ 50 ओवर की टीम का नेतृत्व ऋतुराज गायकवाड़ करेंगे। बल्लेबाजी क्रम में साई सुदर्शन, प्रियांश आर्या, रजत पाटीदार और नमन धीर जैसे नाम शामिल हैं।

ऑलराउंड विकल्प के तौर पर निशांत सिंधु, विप्रज निगम और अर्शिन कुलकर्णी को चुना गया है। विकेटकीपर के रूप में कुमार कुशाग्र और प्रभसिमरन सिंह टीम का हिस्सा हैं।

तेज गेंदबाजी विभाग में हार्दिक पंड्या के साथ अर्शद खान, गुरजपनीत सिंह और यश ठाकुर को शामिल किया गया है। हालांकि हार्दिक की उपलब्धता उनकी फिटनेस रिपोर्ट पर निर्भर होगी।

एशियन गेम्स के दौरान युवा खिलाड़ियों को मिलेगा मौका

इंडिया-A और ऑस्ट्रेलिया-A की यह सीरीज युवा भारतीय खिलाड़ियों के लिए खुद को साबित करने और अंतरराष्ट्रीय स्तर के मैच एक्सपोजर हासिल करने का अहम मौका होगी। इस दौरान भारतीय टीम के कई प्रमुख खिलाड़ी अपनी अंतरराष्ट्रीय जिम्मेदारियों में व्यस्त रहेंगे।

मल्टी-डे सीरीज का दूसरा मुकाबला 29 सितंबर से 2 अक्टूबर तक खेला जाएगा। इसी अवधि में 1 अक्टूबर से श्रीनगर में ईरानी कप भी शुरू होगा, जहां जम्मू-कश्मीर और रेस्ट ऑफ इंडिया की टीमें आमने-सामने होंगी।

इंडिया-A टीम का यह दौरा खास तौर पर उन खिलाड़ियों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जो राष्ट्रीय टीम में जगह बनाने की दावेदारी मजबूत करना चाहते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *