Kareena Kapoor: बॉलीवुड में अक्सर किसी फिल्म की जबरदस्त सफलता के बाद उसी तरह की कहानियों और फॉर्मूले पर कई फिल्में बनने लगती हैं। अभिनेत्री करीना कपूर खान ने इंडस्ट्री की इसी प्रवृत्ति पर सवाल उठाया है। उन्होंने रणबीर कपूर की फिल्म ‘एनिमल’ का उदाहरण देते हुए कहा कि दर्शक अब पुराने फॉर्मूलों से काफी आगे निकल चुके हैं और फिल्ममेकर्स को नए विषयों के साथ प्रयोग करना चाहिए।
करीना ने हाल ही में ‘युवा’ के साथ बातचीत में हिंदी सिनेमा में बदलते ट्रेंड और दर्शकों की पसंद पर अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि किसी एक फिल्म के हिट होने के बाद उसी की तर्ज पर लगातार फिल्में बनाना अब दर्शकों को प्रभावित नहीं करता।
‘एनिमल हिट हुई तो सब हिंसा वाली फिल्में बनाने लगे’
करीना कपूर ने कहा कि आज का दर्शक फिल्म को लेकर पहले से कहीं ज्यादा समझदार और जागरूक है। वह सिर्फ किसी ट्रेंड को देखकर फिल्म देखने का फैसला नहीं करता।
अभिनेत्री ने कहा, “हमारे दर्शक हमारी सोच से कहीं ज़्यादा समझदार हैं। उन्हें अच्छी तरह पता होता है कि कौन सी फिल्म अच्छी है और वे उसे देखना चाहते हैं। इसलिए आज बात सिर्फ एक युवा प्रेम कहानी की नहीं है। ये सब बातें अब पुरानी हो चुकी हैं- जैसे कि अभी हिंसा का दौर चल रहा है या ‘एनिमल’ चल गई तो चलो सब हिंसा वाली फिल्में बनाने लगें।”
करीना के मुताबिक, फिल्म इंडस्ट्री को यह समझने की जरूरत है कि दर्शक किसी एक सफल फिल्म के फॉर्मूले को बार-बार दोहराते हुए देखना नहीं चाहता।
दर्शकों की पसंद अब बदल रही है
करीना ने आगे कहा कि बॉलीवुड में ऐसे फिल्ममेकर्स भी हैं, जो पारंपरिक फॉर्मूले से हटकर कुछ नया करने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसी फिल्मों की अपनी अलग ऑडियंस और फैन फॉलोइंग बन रही है।
उन्होंने कहा, “फिर ऐसे फिल्ममेकर्स भी हैं जो कुछ अलग बनाना चाहते हैं, जो आपकी सोच को झकझोरते हैं और जिनकी अपनी फैन फॉलोइंग है। मुझे लगता है कि अब चीजें बदल रही हैं। अब दर्शक ट्रेलर देखकर कहेंगे कि हम यह फिल्म देखना चाहते हैं।”
हर फिल्म से 200-500 करोड़ की उम्मीद सही नहीं
करीना ने बॉक्स ऑफिस कलेक्शन को लेकर फिल्म इंडस्ट्री में बनी सोच पर भी अपनी बात रखी। उनका मानना है कि सिर्फ किसी खास जॉनर की फिल्म होने के आधार पर यह मान लेना सही नहीं है कि दर्शक उसे बड़ी संख्या में देखने पहुंचेंगे।
उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि हर फिल्म का 200 करोड़ या 500 करोड़ रुपये कमाना जरूरी नहीं है। आज का युवा दर्शक कहानी को लेकर सवाल करता है और केवल मनोरंजन के नाम पर किसी भी कंटेंट को स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं है।
‘दायरा’ में दिखेंगी करीना कपूर
वर्कफ्रंट की बात करें तो करीना कपूर खान जल्द ही एक अलग तरह की कहानी के साथ बड़े पर्दे पर नजर आएंगी। वह निर्देशक मेघना गुलजार की इन्वेस्टिगेटिव ड्रामा फिल्म ‘दायरा’ में मुख्य भूमिका निभा रही हैं।
फिल्म में पृथ्वीराज सुकुमारन भी अहम भूमिका में नजर आएंगे। ‘दायरा’ 18 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है।